नई दिल्ली सीट - अरविंद केजरीवाल विरुद्ध नारी शक्ति |


नुपुर शर्मा

दिल्ली विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक चर्चित सीट है नई दिल्ली, जहां अरविंद केजरीवाल की प्रतिष्ठा दांव पर है । इस सीट के मतदाताओं में अधिकांश केंद्रीय कर्मचारी, देश के वीआईपी सहित यहां के कॉस्मोपोलिटन वोटर हैं। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के करीब सवा लाख मतदाताओं में से 69 प्रतिशत सरकारी अधिकारी व कर्मचारी ही हैं। सांसदों, मंत्रियों, प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति आवास भी इस विस क्षेत्र में ही हैं। जातिगत समीकरण भी यहां काम नहीं करते हैं। पूरा इलाका एनडीएमसी क्षेत्र में आता है, इसलिए यहां पर नगर निगम चुनाव नहीं होते।

भाजपा व कांग्रेस ने केजरीवाल के सम्मुख नारी शक्ति को खड़ा किया है। भाजपा ने यहां से डीयू की पूर्व अध्यक्ष नूपुर शर्मा को उम्मीदवार बनाया है तो कांग्रेस ने अपनी अनुभवी नेत्री व पूर्व मंत्री किरण वालिया को उतारा है। सभी पार्टियों के कार्यकर्ता यहाँ चुनावी सभाओं के स्थान पर डोर-टू-डोर प्रचार कर रहे हैं । कांग्रेस की प्रत्याशी लगातार चुनाव आयोग में केसरीवाल की शिकायत कर जनता को आप से मोड़ने की कोशिश में है।

केसरीवाल के पक्ष में जहाँ उनके मुख्य मंत्री कार्यकाल में महंगाई कम होने, अपने वायदे के अनुसार बिजली-पानी के रेट कम करने जैसी बातें हैं, वहीँ दलित वोटों पर भी उनकी खासी पकड़ है । 

आम आदमी पार्टी के संस्थापक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को टक्कर देने के लिए भाजपा ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष नूपुर शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा हैं। 31 वर्षीय नूपुर शर्मा साल 2008 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से छात्र संघ चुनाव में जीत दर्ज करने वाली एकमात्र उम्मीदवार थीं। उस वर्ष दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में चार में से तीन पदों पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) को जीत मिली थी, जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बेनर पर नूपुर शर्मा अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। उनकी विजय का सबसे बड़ा कारण उनका जमीनी कार्यकर्ता होना था | उनका इलेक्शन केम्पेन भी अत्यंत प्रभावी रहा था | इस समय भी उनका जमीनी चुनाव प्रचार अरविंद केसरीवाल के दांत खट्टे कर रहा है | इलाके की महिला मतदाता उनसे सहज प्रभावित हो रही हैं |

2010 में नूपुर छात्र राजनीति से निकलने के बाद भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा में सक्रिय हुईं और उन्हें मोर्चा में राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया। नूपुर अभी दिल्ली भाजपा कार्यसमिति की सदस्य भी हैं। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई करने वाली नूपुर पेशे से वकील हैं। इसके अलावा उन्होंने बर्लिन से भी पढ़ाई की है। 

दिल्ली अगर देश का दिल है तो नई दिल्ली उसकी सर्वाधिक महत्वपूर्ण धमनी है | अब देखना यह है कि इस सीट पर नकारात्मकता का शस्त्र जीतता है अथवा युवा ऊर्जा की सकारात्मक ऊष्णता सफल होती है | कुल मिलाकर संघर्ष अत्यंत रोचक और कांटे का हो गया है | इसे इकतरफा तो कतई नहीं कहा जा सकता |


एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें