तिरंगा फहराने गए कांग्रेसियों का संघ कार्यालय में हुआ स्वागत !


जेएनयू से जुड़े विवाद को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय 'अर्चना' पर तिरंगा फहराने पहुंचे । कांग्रेस के नेताओं का अनुमान था कि संघ के स्वयंसेवक तिरंगा फहराने का विरोध करेंगे, किन्तु उन्हें वहां तो अद्भुत नजारा देखने को मिला | चंद मिनटों में विरोध की रैली पारस्परिक अपनत्व की मिसाल नजर आने लगी। स्वयंसेवकों ने तिरंगा फहराने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार स्वागत किया। 

पुलिस ने रोका पर संघ अधिकारियों ने साग्रह बुलाया 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संघ कार्यालय जाने की अनुमति नहीं दी थी। यादव की अगुवाई में करीब 800 कांग्रेस कार्यकर्ता राजबाड़ा क्षेत्र में जमा हुए और जुलूस की शक्ल में संघ कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। प्रारम्भ में पुलिस द्वारा इस जुलूस को रोक लिया गया। किन्तु बाद में संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के आग्रह व अनुमोदन के पश्चात प्रशासन ने यादव समेत करीब 20 कांग्रेस नेताओं को संघ के रामबाग स्थित शहर कार्यालय में प्रवेश की अनुमति दी। कांग्रेस नेताओं का यह दल जब संघ कार्यालय के भीतर पहुंचा तो स्वागत की तैयारी देखकर आश्चर्यचकित हो गया। 

जब मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरुण यादव और विधायक जीतू पटवारी संघ कार्यालय पर तिरंगा फहराने पहुंचे तो स्वयंसेवकों ने टीका लगाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद यादव ने संघ कार्यालय की छत पर पहले से फहरा रहे भगवा ध्वज के ठीक पास तिरंगा फहराया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ संघ के कुछ पदाधिकारी भी मौजूद थे। संघ की ओर से कांग्रेस नेताओं का न केवल लाल कालीन बिछाकर और तिलक लगाकर भावभीना स्वागत किया गया। बीजेपी के धुर विरोधी दल के इन सियासी आगंतुकों के लिए चाय-नाश्ते का इंतजाम भी किया गया। झंडा फहराने के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान भी हुआ ! 

संघ के एक वरिष्ठ संघ अधिकारी का कहना है कि भाजपा विरोधी राजनैतिक दल भले ही संघ को लेकर कुछ भी धारणा रखें संघ के लिए कोई भी पराया नहीं है | इस भारत भूमि को अपनी मां मानने वाला प्रत्येक भारत वासी स्वयंसेवकों के लिए बंधू है | इसी भाव भूमिका के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज में कार्य कर रहा है |
हाँ जो भारत का शत्रु है, स्वाभाविक ही वह संघ स्वयंसेवकों का भी दुशमन नंबर एक है !