अशोकनगर - एक वृक्ष 50 हजार व्यक्तियों को आक्सीजन देता है- अपर कलेक्टर

प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने तथा पर्यावरण को बचाने के लिए वृक्षारोपण करना हम सभी की जवाबदारी है। एक वृक्ष 50 हजार व्यक्तियों को आक्सीजन देता है। यह हमारे जीवन के आवश्‍यक है। उक्त उद्गार मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्री एच.पी.वर्मा द्वारा शनिवार को स्थानीय तुलसी सरोवर तालाब स्थल पर पछार परिवार द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।

श्री वर्मा ने कहा कि तुलसी सरोवर तालाब पर वृक्षारोपण कर हरा-भरा बनाने के लिए वृक्षारोपण उत्सव निश्चित रूप से सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि लगातार पेड़ काटे जाने से पर्यावरण का संतुलन बिगड़ गया है। इसको रोकने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि हर परिवार में तुलसी का पौधा अवश्य लगाएं। तुलसी सरोवर तालाब के गहरीकरण के पश्चात तालाब सौंदर्यीकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। तालाब सौंदर्यीकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा 10 करोड़ रूपए की राशि का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति एवं बजट हेतु भेजा गया है। स्वीकृति प्राप्त होते ही सौंदर्यीकरण से संबंधित और भी बेहतर कार्य कराए जाएंगे। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुषीला साहू ने कहा कि तुलसी सरोवर तालाब किनारे पछार पार्क में वृक्षारोपण होने से पर्यावरण को स्वच्छ रखने में मददगार साबित होगा वहीं तालाब के किनारे हरियाली एवं खूबसूरती भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि लगाए गए वृक्षों की सुरक्षा की जिम्मेदारी नगरपालिका लेगी। साथ ही रेलिंग तथा फेंसिंग का कार्य भी उनके द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने एक हजार तुलसी के पौधे घर-घर जाकर महिलाओं को वितरित किए जाएंगे। 

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री देशराज सिंह यादव ने कहा कि पूरी दुनिया में पर्यावरण के संरक्षण के लिए चिंतित है। पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिक से अधिक वृ़क्षों को लगाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तुलसी सरोवर तालाब का गहरीकरण कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया गया। प्रकृति की उपयोगिता को दृष्टिगत रखते हुए पछार ग्रुप द्वारा वृक्षारोपण उत्सव का आयोजन कराया जाना सराहनीय कार्य है। सभी वृक्षों में औषधि गुण का समावेश होता है। प्रकृति की सुरक्षा का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। 

इस अवसर पर नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी ने कहा कि बारिश के मौसम में अधिक से अधिक वृक्ष लगाये जाएं। साथ ही लगाए गये वृक्षों की सुरक्षा के इंतजाम किये जाए। जिससे वे आगे बढ सकें। उन्होंनें कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हम सभी को आगे आना होगा। 

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नीरज मनोरिया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री जजपाल सिंह जज्जी, जितेन्द्र कोठारी, ज्ञानेश गुप्ता ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री हितेन्द्र बुधौलिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री अंकुर शर्मा द्वारा किया गया। 

अतिथियों का स्वागत फूलदार पौधे भेंट कर किया

कार्यक्रम में पर्यावरण का संदेश देते हुए उपस्थित अतिथियों का स्वागत फूलदार पौधे भेट किये। अतिथियों द्वारा आश्वस्त किया गया कि वे इन पौधों को संरक्षित रखेगें। कार्यक्रम का शुभारंभ भी पीपल के पौधें की पूजा अर्चना कर किया गया। 

अतिथियों ने किया वृक्षारोपण

इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों सहित उपस्थित जनों द्वारा तुलसी सरोवर तालाब के किनारे पछार पार्क पर वृक्षारोपण किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें