मध्यप्रदेश - प्रदेश के शासकीय अस्पतालों में बढ़ेगी बिस्तर संख्या

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के शासकीय अस्पतालों में राष्ट्रीय औसत के अनुरूप बिस्तर संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह निर्देश रविवार को लोक स्वास्थ्य विभाग एवं परिवार कल्याण की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए दिये। विभागीय जानकारी के अनुसार वर्तमान में मरीजों के लिये प्रति 1662 जनसंख्या पर एक बिस्तर उपलब्ध है, जबकि देश में प्रति हजार जनसंख्या पर एक बिस्तर का औसत है। देश के विभिन्न राज्य में 533 से 7846 की जनसंख्या पर एक बिस्तर है।

बैठक में स्वास्थ्य सेक्टर पर बजटीय आवंटन बढ़ाने के लिये भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री के ध्यान में लाया गया कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग पर व्यय कुल व्यय का लगभग 3.9 प्रतिशत है, जबकि सम्पूर्ण देश का औसत 4.7 प्रतिशत है। बढ़ी हुई बिस्तर संख्या के अनुपात में मापदण्ड अनुसार मानव संसाधन बढाने की आवश्यकता पर चर्चा की गयी।

मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्रीमती गौरी सिंह, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एवं पर्यावरण श्री मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री अशोक वर्णवाल, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आयुक्त श्रीमती पल्लवी जैन, सचिव श्रीमती सूरज डामोर, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन श्री व्ही. किरण गोपाल, संचालक डॉ. के. एल. साहू, डॉ. बी.एन. चौहान और डॉ. के .के. ठस्सू, अपर संचालक श्रीमती शैल बाला मॉर्टिन भी बैठक में मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें