मैंने दो वर्ष से दिवाली पूजन क्यों नहीं किया?
एक मंदिर की टीन शेड, जनप्रतिनिधियों की संवेदनहीनता और समाज की खामोशी की तीन वर्षों पुरानी पीड़ा...
दिवाली आने वाली है। घरों में तैयारियां हैं, बाजारों में रौनक है, हर तरफ दीपोत्सव का उत्साह है। लेकिन मेरे मन में पिछले तीन वर्षों से एक ही प्रश्न है कि क्या इस बार भी मैं दिवाली पूजन नहीं कर पाऊंगा?
शिवपुरी के वार्ड क्रमांक 37 स्थित सरकारी पार्क में लगभग 30 वर्ष पुराना महादेव मंदिर है। पहले यह मंदिर टीन शेड के नीचे था। बाद में स्थानीय नागरिकों ने आपसी सहयोग से धन एकत्रित कर भव्य मंदिर का निर्माण कराया। पुरानी टीन शेड को मंदिर के एक खुले हिस्से में इसलिए लगाया गया, ताकि धूल, बारिश का पानी और धूप सीधे मंदिर परिसर में न पहुंचे।
लेकिन किसी व्यक्ति ने नगर पालिका में शिकायत कर दी कि इस टीन शेड के नीचे असामाजिक तत्व शराबखोरी जैसे अनैतिक कृत्य कर सकते हैं। नगर पालिका का अमला पहुंचा और टीन शेड उठाकर ले गया। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान कर्मचारी जूते पहनकर मंदिर में भी प्रवेश कर गए। स्थानीय पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष ने भी इस कार्रवाई को उचित ठहराया।
सवाल यह है कि यदि टीन शेड के नीचे असामाजिक तत्व शराबखोरी कर सकते थे, तो क्या कानून व्यवस्था इतनी कमजोर थी कि उन्हें रोका नहीं जा सकता था? क्या संभावित अपराधियों के डर से मंदिर की सुविधा ही समाप्त कर देना प्रशासन का समाधान था?
स्थानीय नागरिकों ने विरोध किया। जनप्रतिनिधियों, नेताओं और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों तक अपनी पीड़ा पहुंचाई, लेकिन किसी ने गंभीरता से पहल नहीं की। लगभग तीन वर्ष पूर्व जब मुझे इसकी जानकारी मिली तो मैंने भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रांत और क्षेत्रीय स्तर के संगठन पदाधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन हर जगह असमर्थता ही सामने आई।
इसका परिणाम यह हुआ कि जिस मंदिर में कभी उत्साह से भंडारे, अन्नकूट और धार्मिक आयोजन होते थे, वहां निराशा छा गई। अनेक नागरिकों ने मंदिर जाना कम कर दिया और धार्मिक आयोजन भी बंद हो गए। श्रद्धालुओं की आस्था और सामूहिक उत्साह को गहरी ठेस पहुंची।
इसी पीड़ा में मैंने प्रण लिया कि जब तक मंदिर में पुनः टीन शेड नहीं लगेगी, मैं दिवाली पूजन नहीं करूंगा। पिछले दो वर्षों से मैंने पूजन नहीं किया। जब पूरा देश दीपावली मना रहा था, तब मैं अपने कमरे में बैठकर यही सोचता रहा कि क्या कभी मंदिर में टीन शेड लगेगी और क्या मैं फिर से दिवाली पूजन कर पाऊंगा?
अब तीसरी दिवाली सामने है और मन में वही प्रश्न है।
सबसे चिंतनीय बात यह है कि केंद्र में भाजपा, प्रदेश में भाजपा और स्थानीय सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष तथा पार्षद भी भाजपा के हैं। फिर क्या देश, प्रदेश, विधानसभा, नगर पालिका और वार्ड की कानून व्यवस्था इतनी कमजोर है कि मंदिर के नीचे असामाजिक तत्व शराबखोरी कर सकते हैं और कानून के रक्षक मूकदर्शक बने रहेंगे? यदि नहीं, तो फिर इसी आशंका के आधार पर मंदिर की टीन शेड हटाने का औचित्य क्या था?
क्या जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल चुनाव के समय धर्म, संस्कृति और हिंदुत्व की बातें करना है? जब किसी मंदिर से जुड़ी श्रद्धालुओं की जायज मांग सामने आती है, तब सबकी संवेदनाएं क्यों समाप्त हो जाती हैं?
समाज से भी प्रश्न है कि क्या हमारी धार्मिक चेतना केवल सोशल मीडिया पोस्ट, भाषणों और धार्मिक आयोजनों तक सीमित रह गई है? किसी मंदिर की पीड़ा पर तीन वर्षों तक मौन रहना क्या हमारी सामूहिक संवेदनहीनता का प्रमाण नहीं है?
मेरा किसी व्यक्ति या समुदाय के प्रति दुर्भावना रखने का उद्देश्य नहीं है। मेरी मांग केवल इतनी है कि मंदिर के खुले हिस्से में टीन शेड पुनः लगाई जाए। यदि वहां असामाजिक गतिविधियों की आशंका है तो प्रशासन उन्हें रोकने की व्यवस्था करे। श्रद्धालुओं की सुविधा छीनना इसका समाधान नहीं हो सकता।
मुझे किसी राजनीतिक दल की कृपा नहीं चाहिए। केवल उस मंदिर के श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान चाहिए, जिसे स्थानीय नागरिकों ने अपने सहयोग से बनाया है।
आखिर दिवाली प्रकाश का पर्व है, लेकिन जिस समाज में एक मंदिर की टीन शेड के लिए तीन वर्षों तक आवाज उठानी पड़े, वहां केवल घरों में दीपक जला देने से अंधकार कैसे दूर होगा?
महादेव के मंदिर में टीन शेड लगवाना कोई असंभव कार्य नहीं है। असंभव तो उन लोगों की संवेदनशीलता को जगाना प्रतीत हो रहा है, जिनसे इस कार्य की अपेक्षा थी।
आज फिर वही प्रश्न है कि क्या इस दिवाली भी मैं दिवाली पूजन से वंचित रहूंगा?

बहुत दुखद
जवाब देंहटाएं