उत्तर प्रदेश में नाक के सवाल पर काट दी दलित की नाक

आज भी हमारे देश में आजादी के दशकों बाद भी कानून का राज स्थापित नहीं हो पाया है ! इसका जीता जागता उदाहरण उत्तर प्रदेश के जालौन में देखने को मिला जहाँ ऊंची जाति के दबंगों ने एक दलित की नाक सिर्फ इसलिए काट ली, क्योंकि उसने बारातियों के साथ खाना खाया था।

जालौन उत्तर प्रदेश के बुदेलखंड का हिस्सा है  दक्षिणी उत्तर प्रदेश के इस इलाके में बुनियादी सुविधाओं का भी टोटा है। यह हिस्सा राज्य के सबसे पिछड़े इलाकों में शामिल है। छुआछूत, दहेज, और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियां यहां के समाज में फैली हुई हैं।

जालौन के माधौगढ़ थाना क्षेत्र का सुरपति गांव दलित बहुल है। जिसकी नाक काटी गई, उसका नाम अमर सिंह है। वह गांव में ही उच्च जाति के एक व्यक्ति के यहां मजदूरी करता था। उस व्यक्ति के यहां कुछ दिन पहले विवाह समारोह था। शादी में अमर सिंह भी शामि‍ल हुआ। वह बरात गया और बराति‍यों के साथ खाना भी खाया। इस बात से दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों ने एक दलित के यूं उनके साथ भोजन करने पर हंगामा किया। बरात वापस आने के बाद करीब आधा दर्जन लोगों ने उसे गांव में ही पकड़ लिया। साथ में खाना खाने की बात पर एतराज जताते हुए दबंगों ने उसकी जमकर पि‍टाई कर दी और चाकू से उसकी नाक काट दी।

पीड़ि‍त अमर सिंह के अनुसार, दबंगों का कहना था कि शादी में शामिल होकर खाना खाने से उनकी नाक कट गई, इसलिए उसकी नाक काटनी भी जरूरी है। ऐसा कहकर उसकी नाक काट ली गई और उसे तड़पता हुआ छोड़ कर दबंग चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे घर ले गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। माधौगढ़ पुलिस के अनुसार, पीड़ि‍त दलित की तहरीर पर वि‍भि‍न्‍न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लि‍या गया है। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें