औरंगजेब का मान मर्दन करने वाली आदि शक्ति श्री जीणमाता की अमर गाथा !


जीणमाता मंदिर एक प्राचीन जीणमाता शक्ति की देवी को समर्पित मंदिर है। जीणमाता का पूर्ण और वास्तविक नाम जयन्तीमाता है। माता दुर्गा की अवतार है। जीण माता धाम जीण माता का निवास है।कलयुग में शक्ति का अवतार माता जीण भवानी का भव्य धाम जयपुर से से लगभग 115 किलोमीटर दूर सीकर ज़िले के सुरम्य अरावली पहाड़ियों (रेवासा पहाडियों) में स्थित है।

कहा जाता है कि माता का मन्दिर कम से कम 1000 साल पुराना है। जीणमाता मंदिर घने जंगल से घिरा हुआ है। यह मंदिर तीन छोटी पहाडों के संगम में 20 - 25 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। जीण माता मंदिर के ऊपर 17 कि.मी. सीधी चढ़ाई बाले हर्ष पर्वत पर स्थित 10वी शताब्दी का यह मंदिर, अनेक लोक श्रुतियों का जन्म दाता है। ओरंगजेब द्वारा किये गए विध्वंस के चिन्ह आज भी दूर दूर तक बिखरे हुए हैं। प्रस्तर पर उकेरे अनुपम पौराणिक आख्यान, अदभुत पुरातात्विक कलाकृतियाँ - जिसमें ना जाने कितने कलाकारों का अमूल्य परिश्रम लगा होगा - आज धूल धूसरित खंडित जहां तहां बिखरे पड़े हैं। पुराने शिव मंदिर के स्थान पर नवीन मंदिर निर्माण हो चुका है, किन्तु खंडित ध्वंसावशेष बता रहे हैं कि पुराने मंदिर से उसकी कोई तुलना नहीं हो सकती। 


संगमरमर का विशाल शिव लिंग तथा नंदी प्रतिमा आकर्षक है। पराशर ब्राह्मण वंश परंपरा से उनकी सेवा पूजा में नियुक्त हैं। पास ही हर्षनाथ का मंदिर है जहां चामुंडा देवी तथा भैरव नाथ के साथ उनकी दिव्य प्रतिमाये स्थित हैं। सेकड़ों के तादाद में काले मुंह के लंगूर मंदिर पर चढ़ाए जाने वाले प्रसाद के पहले अधिकारी हैं।माता का निज मंदिर दक्षिण मुखी है परन्तु मंदिर का प्रवेश द्वार पूर्व में है। 

जीण माता का परिचय

लोक काव्यों व गीतों व कथाओं में जीण का परिचय मिलता है। लोक कथाओं के अनुसार जीण माता का जन्म अवतार राजस्थान के चुरू ज़िले के घांघू गांव के अधिपति एक चौहान वंश के राजा के घर में हुआ था। जीण माता के एक बड़े भाई का नाम हर्ष था। माता जीण को शक्ति का अवतार माना गया है और हर्ष को भगवन शिव का अवतार माना गया है।

जीण माता की अमर कथा

प्राचीन काल में राजस्थान में घांघू नाम की विरासत को राजा घांघू सिंह ने वि० सं० 150 के लगभग बसाया था। जो अब चूरू ज़िले के पास है। घांघू सिंह प्रजापालक व दयालु थे। परन्तु वे निःसन्तान के कारण उदास रहते थे। एक दिन राजा शिकार के लिए घूमते हुए अरावली पर्वतमाला के घने जंगलों को पार कर दो-तीन पहाड़ियों के मध्य पहुंच गए। वहां पर राजा को कुछ दूरी पर एक मन्दिर दिखाई पड़ा। वो स्थान जयन्ती महाभागा सिद्ध पीठ था।राजा ने वहाँ पर एक पवित्र जल के कुण्ड के पास एक साधू को तपस्या करते हुए देखा। वहाँ पर कई प्रकार के झाड झंझाड उगे हुए थे। राजा ने उस जगह को अच्छी तरह साफ़ किया और तपस्या में लीन महात्मा जी की सेवा करने लगे। 

एक दिन महात्मा जी तपस्या से ध्यान मुक्त हुए। उन्होंने देखा की वहाँ अच्छी सफाई की हुई है और एक व्यक्ति शिवलिंग धोने में व्यस्त है। राजा भी उठकर आए और साधू के चरणों में प्रणाम कर अपना परिचय दिया। महात्मा ने राजा की सेवा से खुश होकर उन्हें एक पुत्र और पुत्री प्राप्ति का वरदान दिया। जब इस बात का पता देवताओं को लगा कि शक्ति पीठ के आसन पर बैठे हुए साधू ने राजा को संतान प्राप्ति का वरदान दिया है। जयन्ती महाभाग शक्ति पीठ के स्थान से मिले वरदान से कोई साधारण संतान प्राप्त नहीं होती। इसलिए देवताओं ने सोचा कि राजा का विवाह किसी दैवीय शक्ति से हो जो दैवीय संतान को जन्म दे सके। जब राजा शक्ति पीठ से अपनी राजधानी वापस लौटने लगे तो इसी पर्वतमाला में स्थित शाकम्बरी पीठ पहुँच गए। वहाँ एक कुण्ड में एक स्त्री को डूबते हुए देखा। राजा उसे पकड़कर बाहर निकाल लाए। राजा ने उसका परिचय पूछा। स्त्री ने बताया कि मैं अप्सरा हूँ मैं यहाँ स्नान करने के लिए आती हूँ। राजा ने उससे अपने विवाह का प्रस्ताव रखा। जब अप्सरा ने कहा मैं आपसे विवाह एक वचन देने पर ही कर सकती हूँ कि आप जब भी मेरे महल में आओ तो पहले सूचना देकर फिर आना। अगर आपने वचन तोड दिया तो मैं वापस चली जाऊँगी। राजा ने अप्सरा को वचन दे दिया और राजधानी पहुँच कर राजा ने अप्सरा के साथ विधिवत विवाह कर लिया। 

कुछ समयोपरान्त अप्सरा के गर्भ से पुत्र ने जन्म लिया। चारों ओर हषोल्लास ही दिखाई दे रहा था। इसलिए राजा ने पुत्र का नाम हर्ष रखा। हर्ष के बाद राजा के महल में एक कन्या ने जन्म लिया और राजा को मिले दोनों वरदान पूरे हो गए। राजा ने रानी से कन्या के नाम रखने के बारे में पूछा तो रानी ने कहा कि महाराज मैं और इस कन्या प्राप्ति का वरदान आपको एकान्त जगह में मिला है अतः इसका जीण रखेंगे। जीण का अर्थ है - एकान्त, शून्य, जंगल आदि।

एक दिन राजा बिना किसी सूचना के रानी के महल में प्रवेश कर गए। राजा ने अन्दर जाकर देखा कि रानी शेर पर बैठी है और आस-पास बच्चे खेल रहे हैं। यह देखकर वो चकित हो गए। अप्सरा ने कहा महाराज आपने वचन तोड़ दिया है। इसलिए मैं आज वापिस जा रही हूँ। इतना कहकर अप्सरा अलोप हो गई। राजा बहुत दुखी हुए। रानी के दुःख में राजा बीमार पड गए और अपनी मृत्यु को समीप देखते हुए हर्ष की छोटी ही उम्र में शादी कर दी और हर्ष द्वारा अपने पिता को जीण को सदा खुश रखने की सान्त्वना देने के बाद हर्ष के पिता का देहान्त हो गया।

कुछ समय पश्चात्‌ हर्ष की पत्नी आने के बाद हर्ष-जीण का प्यार कम नहीं हुआ। जीण भाई-भाभी सभी की लाडली बनी हुई थी। लेकिन विधि के विधानों को कोई नहीं टाल सकता। देवताओं ने सोचा जिस उद्देश्य से जीण व हर्ष ने धरती पर अवतार लिया था वो उद्देश्य पूरा हो। अब जीण व हर्ष के प्रेम को देखकर पड़ौसी जलने लगे।

राज कुमारी जीण बाई को संदेह मात्र हुआ की उनके भाई हर्ष नाथ उनसे अधिक उनकी भाभी को प्रेम करने लगे हैं। एक दिन जीण और उसकी भाभी (भावज) सरोवर पर पानी लेने गई जहाँ दोनों के मध्य किसी बात को लेकर तकरार हो गई। उनके साथ गांव की अन्य सखी सहेलियां भी थी। अन्ततः दोनों के मध्य यह शर्त रही कि दोनों पानी के मटके घर ले चलते है जिसका मटका हर्ष पहले उतारेगा उसके प्रति ही हर्ष का अधिक स्नेह समझा जायेगा। हर्ष इस विवाद से अनभिज्ञ था। दोनों पानी लेकर जब घर आई तो दैव योग से हर्ष ने पहले मटका अपनी पत्नी का उतार दिया। जीण सर पर घड़ा लिए खड़ी रही। शर्त हार जाने पर इससे जीण को आत्मग्लानि व हार्दिक ठेस लगी। भाई के प्रेम में अभाव जान कर जीण के मन में वैराग्य उत्पन्न हो गया और वह घर से निकल पड़ी।

देवताओं ने जीण को उसी स्थान पर जाने के लिए बाध्य कर दिया जिस स्थान पर राजा को संतान प्राप्ति का वरदान मिला था क्योंकि जयन्ती शक्ति पीठ ही जीण की कुल देवी थी।जब भाई हर्ष को कर्तव्य बोध हुआ तो वो जीण को मनाकर वापस लाने के लिए उसके पीछे शक्ति पीठ पर आ पहुँचा। हर्ष अपनी भूल स्वीकार कर क्षमा चाही और वापस साथ चलने का आग्रह किया जिसे जीण ने स्वीकार नहीं किया। और अपने प्रण पर अटल थी। जीण के दृढ निश्चय से प्रेरित हो हर्षनाथ का मन बहुत उदास हो गया और वे भी घर नहीं लौटे और उन्हें ज्ञान हुआ कि इस धरती पर अवतार लेने का उद्देश्य अब पूरा करना है। 

अन्त में दृढ़ संकल्प के साथ जीण ने जयन्ती माता के मन्दिर में पहुँचकर काजल शिखर पर बैठकर भगवती आदि शक्ति दुर्गा की घोर आराधना की। हर्ष भी वहां से कुछ दूर जाकर दूसरे पहाड़ की चोटी पर भैरव की साधना में तल्लीन हो गये। पहाड़ की यह चोटी बाद में हर्ष नाथ पहाड़ के नाम से प्रसिद्ध हुई।) तब भगवती ने वरदान दिया कि आज से मैं इस स्थान पर जीण नाम से पूजा ग्रहण करूंगी। उधर हर्षनाथ ने हर्ष शिखर पर बैठकर भैरूजी की तपस्या कर स्वयं भैरू की मूर्ति में विलीन होकर हर्षनाथ भैरव बन गए। जीण आजीवन ब्रह्मचारिणी रही और तपस्या के बल पर देवी बन गई। इस प्रकार जीण और हर्ष अपनी कठोर साधना व तप के बल पर देवत्व प्राप्त कर लिया। आज भी दोनों भाई बहनों के नाम को श्रद्धा और विश्वास से पूजा जा रहा है।

राजस्थानी लोक साहित्य में जीणमाता

राजस्थानी लोक साहित्य में जीणमाता का गीत सबसे लम्बा है। इस गीत को कनफटे जोगी केसरिया कपड़े पहन कर, माथे पर सिन्दूर लगाकर, डमरू एवं सारंगी पर गाते हैं। यह गीत करुण रस से ओतप्रोत है।

मेले के अवसर पर ग्राम बधुएँ गाती हैं :-

माता रे थान में, चिरविट नाड़ो बीड़लो. 

सुपरा के बीड़ल म्हारी, जीण माता बस रही.

माताँ रे थान में चावल रो बीहलो,

सेर घुडक, नार री असवारी.

म्हारी जीण माता बस रही.

जे कोई जीणमाताजी नै ध्यावै, सदा सुखपावै.

मनसा होवै पूरी, म्हारी जीणमाता री आसीस सूं.

जीण माता और औरंगज़ेब

देवी जीण माता ने सबसे बड़ा चमत्कार मुग़ल बादशाह औरंगज़ेब को दिखाया था। बुरडक गोत्र के बडवा श्री भवानीसिंह राव के अभिलेखों में जीण माता के सम्बन्ध में यह विवरण उपलब्ध है कि दिल्ली के बादशाह औरंगज़ेब ने शेखावाटी के मंदिरों को तोड़ने के लिए एक विशाल सेना भेजी थी। यह सेना हर्ष पर्वत पर शिव व हर्षनाथ भैरव का मंदिर खंडित कर जीण मंदिर को खंडित करने आगे बढ़ी। उस समय हर्ष के मंदिर की पूजा गूजर लोग तथा जीणमाता के मंदिर की पूजा तिगाला जाट करते थे। किन्तु तभी भंवरों ने बादशाह की सेना पर हमला बोल दिया और सेना को बहुत नुकसान पहुँचाया। भंवरों के दंशों से बेहाल पूरी सेना भाग खडी गई।

तब औरंगज़ेब ने हारकर जब हर्ष और जीणमाता के चरणों में शीश नवाया व क्षमा याचना की। तब जाकर कहीं उसका पीछा छूटा। माता की शक्ति को जानकर उसने वहां पे भंवरो की रानी के नाम से शुद्ध खालिस सोने की बनी मूर्ति भेंट की और मंदिर के लिये सवामण तेल और सवामण बाकला हर साल भेजने का वादा किया। औरंगज़ेब ने सवामन तेल का दीपक अखंड ज्योति के रूप में मंदिर में स्थापित किया और आज शताब्दियों के बाद भी वो अखंड ज्योत प्रज्वलित हो रही है। आज भी माता सभी दुखी लोगो के दुःख हरती है ओर उनको सुख देती है।

इतना ही नहीं तो दैवीय शक्ति के सम्मुख शीश झुकाते हुए औरंगजेब ने अपने प्रतिनिधि के रूप में एक मुस्लिम परिवार को माता की सेवा हेतु नियुक्त किया । उस परिवार के वंशज आज भी माता के मंदिर की सीढिय़ों को धोकर इस परम्परा को निभा रहे हैं तथा मंदिर व श्रद्धालुओं से मिलने वाली भेंट से अपना परिवार पालते हैं। 

जीण माता के लिए तेल कई वर्षो तक दिल्ली से आता रहा फिर दिल्ली के बजाय जयपुर से आने लगा। बाद में जयपुर महाराजा ने इस तेल को मासिक के बजाय वर्ष में दो बार नवरात्रों के समय भिजवाना आरम्भ कर दिया। और महाराजा मानसिंह के समय उनके गृह मंत्री राजा हरीसिंह अचरोल ने बाद में तेल के स्थान पर नगद 20 रु. 3 आने प्रतिमाह कर दिए। जो निरंतर प्राप्त होते रहे।

औरंगज़ेब को चमत्कार दिखाने के बाद जीण माता "भौरों की देवी" भी कही जाने लगी। एक अन्य जनश्रुति के अनुसार औरंगज़ेब को कुष्ठ रोग हो गया था अतः उसने कुष्ठ निवारण हो जाने पर माँ जीण के मंदिर में एक स्वर्ण छत्र चढाना बोला था। जो आज भी मंदिर में विद्यमान है।

॥ आदि शक्ति श्री जीण भवानी की जय॥

जीण जीण भज बारंबारा, हर संकट का हो निस्तारा !!

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें