मध्यप्रदेश - मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम


मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एक नवम्बर को राज्य, जिला, विकास खण्ड और नगरपालिका/नगर पंचायत पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। राज्य स्तर पर सुबह 11 बजे मंत्रालय के समक्ष मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कार्यक्रम होगा। भोपाल के लाल परेड मैदान में शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र कलेक्टर भोपाल द्वारा संस्कृति विभाग के सहयोग से वितरित किये जायेंगे।

जिला स्तर पर मुख्य समारोह प्रात: 10:30 पर होगा। कार्यक्रम के शुरू में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वाजारोहण होगा। इसके बाद राष्ट्र गान होगा और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। उपस्थित जनसमूह को प्रदेश के विकास एवं समृद्धि के लिये दृढ़ प्रतिज्ञ होने का संकल्प दिलवाया जायेगा। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, उद्योगपति, व्यवसायी, समाजसेवी, धर्मगुरु, स्वयंसेवी संस्था, केन्द्र शासन के अधिकारी, रेलवे अधिकारी, कमर्शियल अधिकारी, आर्मी फोर्स के अधिकारी, शासकीय सेवक, जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र सेनानी और शहीद सैनिकों के परिजन को आमंत्रित किया जायेगा। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। प्रमुख शासकीय भवनों पर एक नवम्बर की रात को प्रकाश व्यवस्था की जायेगी।

विकास खण्ड स्तर पर होने वाले कार्यक्रम के स्वरूप भी जिला स्तर के कार्यक्रम के अनुरूप होंगे। विकास खण्ड स्तर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उस विकास खण्ड मुख्यालय के विधायक होंगे। विधायक के क्षेत्र में दो विकास खण्ड मुख्यालय है तो वे किसी एक का चयन कर सकेंगे। ऐसे विकास खण्ड जहाँ विधायक उपलब्ध नहीं हो पाये वहाँ संबंधित जनपद अध्यक्ष मुख्य अतिथि होंगे।

विकास खंड मुख्यालय पर स्थित नगरपालिका/नगर परिषद में अलग से कार्यक्रम नहीं होंगे। विकास खण्ड मुख्यालय से भिन्न स्थान पर स्थित नगरपालिका/नगर परिषद के क्षेत्र में भी उपरोक्तानुसार ही कार्यक्रम होगा। इसके मुख्य अतिथि संबंधित स्थानीय निकाय के अध्यक्ष होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें