सुश्री कुसुम महदेले

जीवन परिचय

सुश्री कुसुम मेहदेले का जन्म 15 अगस्त 1943 को पन्ना में हुआ था। स्व. श्री राम सिंह की पुत्री सुश्री कुसुम मेहदेले बी.एस.सी., एल. एल. बी. शिक्षित हैं तथा उनका व्यवसाय वकालत रहा है। सुश्री मेहदेले की पर्यटन, अध्ययन एवं खेलकूद में विशेष रुचि है।

सुश्री कुसुम मेहदेले सन् 1984 से 1990 तक तीन बार भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रही। वे सन् 1984-86 एवं सन् 1995-97 में दो बार मध्यप्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष तथा 1984 से 1990 तक एवं वर्ष 1992 से निरंतर प्रदेश चुनाव समिति की सदस्य रहीं। वर्ष 1990 में वे नवमी विधान सभा की सदस्य निर्वाचित हुई थी तथा उन्हें मुख्यमंत्री श्री सुंदरलाल पटवा मंत्रिमंडल में शामिल कर समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग का दायित्व सौंपा गया था। सुश्री मेहदेले दूसरी बार सन् 1998 में ग्यारहवी विधान सभा के लिए विधान सभा सदस्य निर्वाचित हुई। वर्ष 2003 में सम्पन्न बारहवीं विधान सभा के चुनाव में वे पुनः तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुई।

सुश्री मेहदेले को एक जून 2005 को मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल गौर मंत्रि मंडल में मंत्री के रुप में शामिल कर महिला एवं बाल विकास और राजस्व विभाग का दायित्व सौंपा गया।

सुश्री मेहदेले को पुनः 4 दिसम्बर, 2005 को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शामिल किया गया।

सुश्री कुसुम महदेले वर्ष 2013 में पन्ना विधानसभा क्षेत्र से चतुर्दश विधानसभा की सदस्य चुनी गयीं। उन्होंने 21 दिसम्बर, 2013 को केबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें