कुर्सी हाय कुर्सी - म. प्र. में सरकार बनने से पहले ही कांग्रेसी राहुल गांधी के खिलाफ धरने पर बैठे।


शिवपुरी। चुनावी नतीजे देख कर आम तौर पर यह माना जा रहा है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है | कमसेकम संख्या का गणित तो यही कह भी रहा है | किन्तु जमीनी हकीकत कुछ और ही दिखाई दे रही है | 

15 साल तक लगातार सत्ता से दूर रहने के बाद कांग्रेस का हर धडा सत्ता की मलाई के लिए आतुर व्याकुल दिखाई दे रहा है | सरकार बनने के पहले ही जूतों में दाल बंटने लगी है, गुटबाजी का इतना भोंडा प्रदर्शन शायद ही कभी देखने को मिला हो 

शिवपुरी में तो ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्य प्रदेश का सीएम बनाने की मांग को लेकर शिवपुरी नगरपालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित कुछ कांग्रेसी धरने पर ही बैठ गए हैं | धरने पर बैठकर प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसियों की मांग है कि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को ही मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए | इन कांग्रेसजनों का कहना है कि ग्वालियर संभाग में श्री सिंधिया के कारण ही कांग्रेस को अच्छी संख्या में सीटें मिली हैं। 

लेकिन कोई इनसे पूछे कि आखिर यह धरना किसके खिलाफ है ? एक ओर तो राहुल गांधी यह नौटंकी कर रहे हैं कि हर सक्रिय कांग्रेसी कार्यकर्ता से फोन पर पूछा जा रहा है कि वे किसे मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं | कांग्रेस प्रवक्ता बड़ी जोरशोर से यह प्रचारित करने में जुटे हुए हैं कि कांग्रेस में सब कुछ प्रजातांत्रिक ढंग से हो रहा है | आम कांग्रेस कार्यकर्ता जिसे कहेगा, उसे सीएम बनाया जाएगा | किन्तु दूसरी ओर खुद कांग्रेसियों का धरना, इस दावे की हवा निकाल रहा है |

लगता है खुद कांग्रेसियों को भी राहुल जी की वास्तविकता पता है और वे जानते हैं कि कार्यकर्ताओं से पूछने की नाटक नौटंकी में कोई दम नहीं है | इसीलिए वे दबाब की राजनीति कर रहे हैं | सडकों पर उतरकर अपने नेता को सीएम बनाने की मांग कर रहे हैं | इस गुटबाजी का नतीजा क्या होगा, यह आने वाला समय ही बताएगा | शिवपुरी के कांग्रेसियों का धरना केवल और केवल राहुल गांधी के खिलाफ है |

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें