सनातन धर्म का वैज्ञानिक रहस्य (भाग 1) - दिवाकर शर्मा | Scientific Secret of Sanatan Dharma - Part 1

 

वर्तमान समय धर्म के प्रति उदासीनता का समय है | लोगों का संभवतः यह मत है कि धर्म जीवन की उन्नति के लिए आवश्यक नहीं है | किन्तु जब धर्म लुप्त हो जाता है तब अर्थ और काम में फंसे हुए लोग कुत्तों और बंदरों के समान वर्ण संकर हो जाते है | केवल अर्थ और काम से युक्त जीवन पशु जीवन के समान है | धर्म क्या है, इसे इस प्रकार समझें, कि जहाँ धर्म है वहीँ जय है, वहीँ सफलता है, वहीँ सुख है | परन्तु वर्तमान युग विज्ञान का है, तर्क का है | इस समय कोई भी बात कितनी ही उपयोगी क्यों न हो जब तक तर्क और विज्ञान की कसौटी पर खरी न उतरे लोग मानने को तैयार नहीं होते | वेदों को धर्म और विज्ञान का मूलाधार माना जाता है परन्तु दुर्भाग्य से वेदों की अनेक शाखाएं लुप्त हो गयीं है | आध्यात्मिक विषय भी विज्ञान से हीन होकर प्रायः पंगु समान हो गया है | आत्मा और परमात्मा के अर्थ भी प्रत्येक मनुष्य भिन्न भिन्न रूप से करने लगा है | फलस्वरूप समाज में दो विभाग हो गए है – एक अंधविश्वासी और दूसरा जैसा समझ में आये वैसा करने वाला स्वतंत्र उपासक | इन दोनों में भी पक्षपात एवं रोटी की समस्या नें अनेकों बुराइयां पैदा कर दी है | इस प्रकार देश और समाज अपने असली व्यवहारों को नित्य छोड़ता चला जा रहा है | कुछ उसके बिगड़े हुए स्वरुप को पकडे अवश्य है पर उसमें आत्मा शेष है भी या नहीं, या उसकी आत्मा क्या है, इसका उन्हें बिलकुल ज्ञान नहीं |

मानव सभ्यता के प्राचीन काल से लेकर पाश्चात्य वैज्ञानिक अविष्कारों के वर्तमान युग तक समस्त विज्ञान का आधार भूमंडल में केवल चार ही वस्तुएँ है – जल, अग्नि, वायु और मिटटी | इन चरों वस्तुओं के ज्ञान का अर्थ है वेद | जल–सामवेद, अग्नि-ऋग्वेद, वायु-यजुर्वेद और मिटटी अर्थात यथर्ववेद | सनातन धर्म जिसका मूल आधार वेद है उसकी प्रत्येक बात सारगर्भित, वैज्ञानिक, प्राकृतिक नियमों से संबद्ध तथा ऋषियों की अनुभूत है | देश,काल,परिस्थिति के अनुसार या किसी अन्य कारणवश कोई व्यक्ति यदि इस पर पूर्णरूप से इस पर न चल सके तो जितना भी हो सके चले, उस पर भी उसे लाभ होगा |

हमारा देश प्राचीन काल से ही धर्म की प्रधानता के कारण गौरवपूर्ण तथा सबका सिरमौर रहा है | यहाँ सम्पूर्ण कर्म आध्यात्मिक तथा धार्मिक नींव पर ही किये जाते रहे है | भारत की नींव आध्यात्मिक तथा धार्मिक होने के कारण ही उसकी सदा उन्नति रही | परन्तु आजकल लोगों नें अपने उस प्राचीन मार्ग को भुला दिया तथा उसके रहस्य से अनभिज्ञ होने के कारण उसे केवल कल्पित क्रिया मात्र समझ लिया और उसे ढोंग शब्द से संबोधित करना प्रारंभ कर दिया है | भारतवासी मनोमुखी तथा मनस्वतंत्र होकर, अपने मार्ग को भूलकर इधर उधर भटकने लगे तथा अपने अमूल्य हीरे को खोकर दूसरों के कांच पर (जो ऊपर से ही चमकता था) रीझ उठे और उसे ग्रहण करने को लालायित हो उठे | अंत में “इतो नष्टः ततो भ्रष्टः” के अनुसार स्वयं पथभ्रष्ट भी हो गए |

सनातन धर्म का वैज्ञानिक रहस्य के इस क्रम में आज हम आहार से धर्म के संबंध में विचार करते है |

आहार पर हमारे शास्त्रकारों नें बहुत जोर दिया है कि इसमें बड़े विचार की आवश्यकता है और सबमें वैज्ञानिक रहस्य भरा हुआ है | आहार और धर्म का बड़ा निकट संपर्क है | कहा गया है कि इस शरीर रुपी हवन कुंड में हाथ रुपी सुर्वा के द्वारा भगवान रुपी वैश्वानर अग्नि में अन्नरूप शाकल्य का हवन किया जाता है, अतः आहार क्रिया एक प्रकार का यज्ञ है |

शरीर रक्षा तथा आत्मतृप्ति के लिए ही भोजन का विधान है | स्वाद दृष्टी से रसना इन्द्रिय से स्वादरुपी विषयभोग करना लक्ष्य नहीं है | इसलिए आहार यज्ञ के नियम तथा विधान कहे गए है, जिनसे अपना ही कल्याण होता है | गीता के अनुसार – “भोजन का स्थान पवित्र होना चाहिए व एकांत में, स्वयं पवित्र होकर भोजन करना चाहिए | अपवित्र शरीर से अन्न ग्रहण करने पर उससे मन तथा बुद्धि की उन्नति नहीं होती |” इसलिए शास्त्र में कहा गया है कि गोमयलिप्त, समतल, पवित्र स्थान में लघुआसन से बैठ कर भोजन करना चाहिए | भोजन से अपवित्र व्यक्ति का संपर्क नहीं होना चाहिए | इन सब में वैज्ञानिक रहस्य है |

आयु की इच्छा वाले को पूर्वमुख तथा यशेच्छु को दक्षिण दिशा की ओर मुख करके भोजन करना चाहिए | इसका कारण यह है कि पूर्व दिशा से प्राणशक्ति का उदय होता है, प्राणस्वरूप देवता सूर्य इस दिशा से उदय होते है अतः पूर्व की ओर मुख करके भोजन करने से आयु बढती है | दक्षिण की ओर पितृ देवताओं का वास होता है अतः उस ओर मुख करके भोजन करने से यश प्राप्त होता है |

मनु स्मृति में कहा गया है कि – सर पर टोपी, साफा आदि धारण कर तथा पैरों में जूता पहनकर भोजन नहीं करना चाहिए क्योंकि भोजन करते समय जो क्रिया होती है उससे शरीर में ऊष्मा उत्पन्न होती है | यह ऊष्मा शरीर में से केवल दो ही मुख्य मार्ग सर अथवा पाँव से ही निकलती है, अतः यदि ये दोनों ही मार्ग बंद होंगे या ढके हुए होंगे तो ऊष्मा बाहर निकलने के लिए जोर लगायेगी और कुपित होकर सारे शरीर को हानि पहुंचायेगी | भोजन गीले पैरों से करना चाहिए तथा भोजन पश्चात लघुशंका कर लेनी चाहिए | यह सारी क्रियाएँ विज्ञान की कसौटी पर कस कर ऋषियों नें हमारे लाभ के लिए बनायी है |

भोजन करते समय मौन रहना चाहिए ऐसा करने से चबाने की क्रिया अच्छी होती है | विशेष बात यह है कि भोजन करते समय लार उत्पन्न होती है जो भोजन को पचाती है, अतः यदि बातचीत की जायेगी, तो वह लार पर्याप्त मात्रा में न बन सकेगी जिससे भोजन अच्छी तरह नहीं पचेगा |

भोजन को सदैव भगवान का प्रसाद मानकर ग्रहण करना चाहिए | गीता में कहा गया है कि यज्ञ में शेष बचे हुए अन्न को खाने वाले श्रेष्ठ पुरुष सब पापों से छूट जाते है और जो पापी लोग अपने शरीर के पोषण के लिए ही पकाते है वे तो पाप को ही खाते है |

भोजन के विषय में रोटी-दाल की अपेक्षा पूड़ी आदि घृत से पके अन्न को शुद्ध माना जाता है | इसका वैज्ञानिक रहस्य यह है कि एक तो घृत स्वयं ही शुद्धिकारक है, दूसरी बात यह है कि जल से बना हुआ पदार्थ जल्दी विकृत हो जाता है क्योंकि कीटाणु जल को शीघ्र ही दूषित एवं विकृत कर देते है परन्तु घृत पर कीटाणुओं का आक्रमण सफल नहीं होता अतः घृत से बना हुआ अन्न, न तो शीघ्र दूषित होता है और न ही विकृत, इसलिए यह पवित्र माना जाता है |

इसी प्रकार भोजन के पात्रों का भी विचार तथा वैज्ञानिक रहस्य है | चांदी, फूल तथा पीतल आदि के बर्तन अधिक पवित्र माने जाते है, वे मिटटी आदि से मांजकर भी साफ़ कर लिए जाते है | परन्तु मिटटी के बर्तनों का बार बार प्रयोग करने का निषेध है | उसका वैज्ञानिक रहस्य यह है कि मिटटी के पात्र में कीटाणु बहुत जल्द और बहुत अधिक संख्या में जम जाते है और उन्हें दूर करने में बड़ी कठिनाई होती है |

शास्त्रकारों नें यहाँ तक वर्णन किया है कि भोजन के समय कौन सी वस्तु कहाँ रखें | जैसे थाल में सामने भात, भात के सम्मुख संस्कार किये हुए प्रदेह जैसे हलुआ, फल-सर्व प्रकार के भक्ष्य पदार्थ-सूखे पदार्थ भोजन करने वाले के दाहिने, द्रव्य-रस-पानी-पना-दूध-रबड़ी-खीर-श्रीखंड आदि बाएँ तरफ, सर्व प्रकार के गुण के विकार को बीच में रखें | इससे कुशलता, सुविधा तथा सुंदरता के साथ आयुर्वेद की दृष्टी से लाभ होता है जो वैज्ञानिक कसौटी पर पूर्ण रूप से खरा उतरता है |

लकड़ी के पाटे पर बैठकर भोजन करने से व्यक्ति के सभी अंग ठीक प्रकार से भोजन क्रिया में काम करते है तथा उस समय विद्युत शक्ति पास होकर न तो किसी अन्य भोजन करने वाले की शक्ति को प्रभावित करेगी न उसके निकट जायेगी | भोजन करते समय प्रत्येक अंग की क्रिया होती है अतः बाहरी वायु बाधा रोकने के लिए व अंदर की शक्ति सुरक्षित रूप से कार्य करे इसके लिए एक वस्त्र पहनकर भोजन नहीं करना चाहिए, ऊपर से दूसरा वस्त्र पहनने का विधान है | यह वस्त्र रेशमी होना चाहिए क्योंकि रेशमी वस्त्र पर ऊपरी बाधाओं का प्रभाव शीघ्र नहीं होता है |

भोजन के पूर्व ही हमारे यहाँ अग्नि में भोज्य पदार्थ की आहुति देना, गौग्रास देना तथा कुत्ता, काक इत्यादि को भोजन निकालने का विधान है जिसे बलि-वैश्वदेव कहा जाता है | इसमें धार्मिक यज्ञ कृत्य के साथ साथ लौकिक उपकारी वैज्ञानिक बात यह है कि इससे भोजन की परीक्षा भी हो जाती है | अग्नि में डालते ही दूषित अन्न से दुर्गन्ध आने लगती है, धुआं दूसरे रंग का निकलता है | मत्स्यपुराण में कहा गया है कि – विषाक्त अन्न को देखकर चकोर के नेत्रों का रंग बदल जाता है तथा भृंगराज, तोता, मैना ये पक्षी विष और सर्प को देखकर अत्यंत उद्धिग्न होकर चिल्लाने लगते है | इस प्रकार अनेकों लाभ तथा वैज्ञानिक चमत्कार इसमें समाविष्ट है |

प्रत्येक मनुष्य में विभिन्न भावना व विभिन्न विद्युत शक्ति होती है | सात्विक में सात्विकी, राजस में राजसी इत्यादि | अतः जिस वृत्ति वाले मनुष्य के साथ अन्न का संपर्क होगा उसकी वैसी ही वृत्ति व उस अन्न में संक्रांत हो जाएगा | भिन्न-भिन्न वृत्तियों का परिणाम एक दूसरे पर अवश्य पड़ेगा | महाभारत में आया है कि द्रोपदी के चीरहरण के समय भीष्म पितामह भी कुछ नहीं बोले, इस अन्याय को देखते रहे | इसका कारण यही था कि उन्होंने दुर्योधन का पापान्न ग्रहण किया था जिससे उनका ज्ञान कुंठित तथा बुद्धि की शुद्धता नष्ट हो गयी थी, तो जब भीष्म पितामह जैसे महात्मा की बुद्धि पर भी अन्न का प्रभाव पड़ सकता है तो फिर साधारण व्यक्ति की बात ही क्या है |

यह तो विज्ञानसिद्ध और प्रमाणित हो चुका है कि हाथ से हाथ का स्पर्श होने पर रोग के बीज एक दूसरे में चले जाते है | रोग ही नहीं बल्कि शारीरिक एवं मानसिक वृत्तियों में भी हेरफेर हो जाता है | अतः हमें आहार तथा उसके नियमों पर विशेष ध्यान देना चाहिए और यथाविधि उसके अनुकूल चलना चाहिए, क्योंकि यदि आहार शुद्ध होगा, तो मन एवं शरीर भी शुद्ध रहेगा, भावना तथा विचार भी शुद्ध रहेंगे और क्रिया भी शुद्ध होगी |

क्रमशः .......          

दिवाकर शर्मा 
संपादक - क्रांतिदूत डॉट इन



एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें