20 मार्च को लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाएगी कांग्रेस, तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को देगी ये खास संदेश।

मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी है। चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, विपक्ष के तेवर भी तल्ख नजर आने लगे हैं। इसी कड़ी में आगामी 20 मार्च को कांग्रेस लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाएगी। क्योंकि 20 मार्च 2020 को ही कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री कमलनाथ को सरकार गिरने की वजह से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हाथ से सत्ता जाने के बाद से लगातार कांग्रेस इस दिन को खास बनाने में जुटी हुई है। कांग्रेस पार्टी लगातार लोगों को याद दिला कर सिंधिया समर्थकों और बीजेपी को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करती रहती है। इसीलिए कांग्रेस संगठन ने 20 मार्च को पूरे प्रदेश भर में तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया है और इस दौरान गांव-गांव और शहर-शहर में तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को जबरन सत्ता हथियाने को लेकर संदेश दिया जाएगा।

स्मरणीय है कि 21 मार्च को पूर्व मीसाबंदियों के संगठन "लोकतंत्र सेनानी संघ" के द्वारा भी "लोकतंत्र विजय दिवस" मनाने की घोषणा की गई है, क्योंकि इसी दिन 21 मार्च 1977 को आपातकाल समाप्त होकर चुनाव की घोषणा हुई थी, जिसमें श्रीमती इंदिरा गांधी नीत कांग्रेस की करारी हार हुई थी। 


एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें