वाह जी "पबजी" - भारतीय युवक और पाकिस्तानी युवती की अनोखी प्रेम कहानी, जो पबजी पर जीतते जीतते एक दूसरे पर दिल हार गए।



एक है सीमा हैदर। मूलतः पाक नागरिक सीमा की मुलाक़ात एक भारतीय से, गेमिंग ऐप PUBG मोबाइल पर क्या हुई, वह अपने चार बच्चों के साथ नेपाल होते हुए अवैध रूप से भारत आ पहुंची। अब उसका पति मोदी सरकार से अपील कर रहा है कि "मेरी पत्नी, बच्चों को वापस भेज दो"। 

सीमा हैदर ने गेमिंग ऐप PUBG पर मिले एक व्यक्ति के साथ रहने के लिए अवैध रूप से नेपाल के माध्यम से भारत में प्रवेश किया। उसके बाद सीमा हैदर के पति गुलाम हैदर ने हाथ जोड़कर मोदी सरकार से अपनी पत्नी और बच्चों की पाकिस्तान सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। वर्तमान में सऊदी अरब रह रहे गुलाम हैदर ने  एक मार्मिक और भावुक वीडियो अपील जारी कर मोदी सरकार से यह निवेदन किया है । 

वीडियो में गुलाम हैदर ने नरेंद्र मोदी सरकार से इस मामले में दखल देने का आग्रह किया है। वह चाहता है कि उसकी पत्नी और बच्चों को उनके गृह देश पाकिस्तान वापस भेज दिया जाए, जहां वे एक बार फिर से एक परिवार के रूप में मिल सकें। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को PUBG के माध्यम से भारत आने के लिए लालच दिया गया और बरगलाया गया।

स्मरणीय है कि सीमा हैदर की मुलाकात गेमिंग ऐप PUBG मोबाइल पर दिल्ली के पास ग्रेटर नोएडा के एक शख्स सचिन से हुई। दोनों में प्यार हो गया और सीमा अवैध रूप से नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हो गई। जब वह ग्रेटर नोएडा पहुंची जहां सचिन रहता था तो उसके साथ उसके चार बच्चे भी थे।

पूरी कहानी इस प्रकार है -

भारत-पाक के रिश्ते चाहे जितने तनाव पूर्ण हों, किन्तु एक बार फिर प्रमाणित हुआ कि प्यार की कोई सीमा नहीं होती। यह अनोखी PUBG प्रेम कहानी भी यही दर्शाती है। यह पाकिस्तान की सीमा गुलाम हैदर और भारत के सचिन सिंह के वास्तविक जीवन की प्रेम कहानी है। यह अलग बात है कि यह प्रेमी युगल इन दिनों गिरफ्तार हो चुका है। सीमा हैदर अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में आने के लिए, तो सचिन उसे शरण देने के लिए। इस जोड़े ने लाखों लोगों के सामने अपने प्यार का इज़हार किया है और सरकार से भी अनुरोध किया है कि उन्हें एक साथ रहने दिया जाए।

यह अनोखा रिश्ता ऑनलाइन वॉरगेम PUBG से शुरू हुआ था, और अब वास्तविक जीवन के युद्धक्षेत्र में इसका परीक्षण किया जा रहा है। पति दुबई में रहता था और पत्नी कराची में - अकेली और ऊबी हुई। इसी दौरान 30 वर्षीय सीमा गुलाम हैदर ने युद्धक्षेत्र गेम PUBG पर लॉग इन किया।

उससे 1,100 किमी से भी अधिक दूर ग्रेटर नोएडा में रहने वाले 25 वर्षीय सचिन सिंह पहले से ही गेम का लुत्फ़ ले रहा था और गोलीबारी कर रहा था।

दोनों ने मिलकर कई दुश्मनों को मार गिराया। उस आभासी युद्धक्षेत्र में, वे अपराजेय योद्धा बन गए । हर रात दोनों 3-4 घंटे PUBG खेलते थे। यह रात-दर-रात चलता रहा। और फिर दोनों विजेता खिलाड़ी - एक साथ जीतने वाले - एक साथ हार गए। एक दूसरे पर दिल हार गए। 

इस प्रेम कहानी का प्रारम्भ 2019 में हुआ, जब PUBG को भारत में प्रतिबंधित नहीं किया गया था। जल्द ही PUBG की यह साझेदारी, पसंदगी के रूप में में बदल गई। दोनों ने अपने नंबर एक्सचेंज किए और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क बढ़ता गया। प्यार को परवान चढ़ने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। 

सीमा का राजमिस्त्री पति सऊदी अरब चला गया था। लेकिन उसके जाने से पहले ही दोनों के बीच अनबन थी। जैसा कि मुस्लिम समाज में आम बात है, यह सीमा की दूसरी शादी थी। उसके पहले पति से चार बच्चे हैं। हैदर और उसका विवाह 2014 में हुआ। 

सचिन-सीमा की प्रेम कहानी वीर ज़ारा की तरह अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार कर गई।

सचिन और सीमा का प्यार परवान चढ़ने लगा तो आभासी दुनिया के स्थान पर वास्तविक मिलन की चाहत भी बढ़ने लगी। कोविड लॉकडाउन के बाद इस जोड़े को मिलने का मौका मिला। लेकिन दो दुश्मन देश भारत और पाकिस्तान से होने के कारण यह इतना आसान भी नहीं था। लेकिन जहाँ चाह है वहां राह है। तीन साल बाद सीमा और सचिन आखिरकार नेपाल में पहली बार मिले। वे नेपाल में सात दिनों तक एक साथ रहे और उन्हें लगा कि वे एक-दूसरे के लिए ही बने हैं।

लेकिन यह एक अस्थायी व्यवस्था थी और जल्द ही उन्हें अलग होना पड़ा। वे अलग तो हो गए लेकिन हमेशा साथ रहने के वादे के साथ।

सीमा लगभग अनपढ़ है, उसने कक्षा 5 के बाद स्कूल छोड़ दिया था। जबकि सचिन उत्तर प्रदेश के नोयडा में एक छोटी सी किराना दुकान पर काम करता है।उन्हें असंभव को संभव बनाना था. और उसमें यूट्यूब से बेहतर मार्गदर्शक कौन हो सकता था ? उन्होंने घंटों यूट्यूब वीडियो देखे और सीमा को उसके चार बच्चों के साथ भारत में तस्करी करने की योजना बनाई। रास्ता नेपाल से होकर था। मई में सीमा ने वो कदम उठाया जिसने उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। पुलिस के मुताबिक, एक ट्रैवल एजेंट ने सीमा को पाकिस्तान से नेपाल का टिकट दिलाया। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि उसने दुबई के लिए उड़ान भरी और वहां से नेपाल के लिए उड़ान भरी। चार बच्चे साथ में ही थे ।

वह मई के तीसरे सप्ताह में नेपाल से पोखरा के रास्ते बस से भारत पहुंची। बताया जाता है कि नेपाल के रास्ते भारत आने के लिए उसने 12 लाख रुपये खर्च किये।

मेरे दिमाग में एक सवाल है - आपके में भी होगा - भारत सरकार को क्या करना चाहिए? 

सीमा हैदर को वापस पाकिस्तान भेजना चाहिए या उसे भारत की नागरिकता देकर सचिन सिंह के साथ जीवन गुजरने देना चाहिए ?

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें