लेबल

भाजपा में बड़ा उलटफेर संभव, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर छह नामों पर मंथन तेज

 

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में एक बार फिर संगठनात्मक बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार भाजपा जल्द ही अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है और इसके लिए शीर्ष नेतृत्व में गहन मंथन जारी है।

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा नेतृत्व फिलहाल छह दिग्गज नेताओं के नाम पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इन नामों में सबसे ऊपर हैं पूर्व मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान। वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और धर्मेंद्र प्रधान का नाम भी इस रेस में तेजी से उभरा है।

सिर्फ मंत्री ही नहीं, बल्कि भाजपा के दो प्रभावशाली संगठनात्मक चेहरे सुनील बंसल और विनोद तावड़े का नाम भी गंभीर दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। इन दोनों ने हाल के वर्षों में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती में अहम भूमिका निभाई है, विशेषकर उत्तर भारत और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों में।

सूत्र बताते हैं कि भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर आरएसएस (संघ) की सहमति भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, और वर्तमान परिप्रेक्ष्य में ऐसा माना जा रहा है कि संगठन और सरकार में संतुलन साधने के लिए ऐसा चेहरा चुना जाएगा, जो 2029 की तैयारी में मोदी और शाह की रणनीति को सशक्त समर्थन दे सके।

गौरतलब है कि मौजूदा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का कार्यकाल पहले ही बढ़ाया जा चुका है और अब लोकसभा चुनाव 2024 के बाद संगठन को नए तेवर और दिशा देने के लिए नया नेतृत्व तय किया जाना लगभग तय माना जा रहा है।

भाजपा की आंतरिक बैठकों का दौर तेज हो गया है और संभवतः आने वाले कुछ दिनों में यह बड़ा ऐलान हो सकता है, जो पार्टी के भविष्य की दिशा को तय करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें