भोपाल में BJP का हेल्थ मिशन: कार्यकर्ताओं के लिए मुफ्त इलाज केंद्र शुरू
अब भाजपा कार्यकर्ताओं को गंभीर बीमारियों के इलाज या डॉक्टरी सलाह के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस सेवा केंद्र के जरिए कार्यकर्ता और उनके परिवारजन घर बैठे ही अनुभवी डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे। इसके लिए 9203597200 और 9203697200 जैसे विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर कॉल कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस पहल का उद्देश्य “स्वस्थ कार्यकर्ता, सशक्त संगठन” की सोच को जमीनी हकीकत में बदलना है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसे प्रधानमंत्री Narendra Modi के “सबका साथ, सबका विकास” के विजन से जोड़ते हुए कहा कि यह केंद्र कार्यकर्ताओं के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कवच साबित होगा।
इस सेवा प्रकल्प की खास बात यह है कि यहां सिर्फ सामान्य परामर्श ही नहीं, बल्कि कैंसर, हृदय रोग और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में भी प्राथमिकता के साथ मदद दी जाएगी। आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी दिक्कतों को भी मौके पर ही सुलझाने की व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं, यदि किसी कार्यकर्ता को तत्काल रक्त की जरूरत पड़े, तो ‘रक्तदान टीम’ उसके लिए तुरंत उसी ग्रुप का खून उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ को गांव-गांव जाकर नेत्र जांच शिविर लगाने का सुझाव भी दिया और भविष्य में जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मा उपलब्ध कराने की बात कही।
पार्टी नेताओं का दावा है कि देश में संभवतः यह पहला ऐसा पार्टी कार्यालय है, जहां इस तरह की समर्पित चिकित्सा सहायता व्यवस्था शुरू की गई है। यह पहल न सिर्फ संगठन को मजबूती देगी, बल्कि राजनीति में सेवा और संवेदनशीलता का एक नया मॉडल भी पेश करेगी।

एक टिप्पणी भेजें