लेबल

Coca-Cola और Haldiram’s पर कार्रवाई: गंदगी और एक्सपायरी फूड पर जुर्माना

 

देशभर में बड़ी-बड़ी ब्रांड कंपनियों की लापरवाही अब खुलकर सामने आने लगी है और उपभोक्ता भी अब चुप बैठने के मूड में नहीं हैं। ताजा मामलों ने साफ कर दिया है कि नाम बड़ा होने से जिम्मेदारी कम नहीं होती, बल्कि और बढ़ जाती है।

राजस्थान के जैसलमेर में Coca-Cola की लोकप्रिय ड्रिंक Maaza में प्लास्टिक का टुकड़ा मिलने के मामले में उपभोक्ता आयोग ने कंपनी पर सख्त कार्रवाई करते हुए कुल ढाई लाख रुपए का जुर्माना ठोक दिया। उपभोक्ता तुषार पुरोहित ने बाजार से कोल्ड ड्रिंक का कार्टन खरीदा था, लेकिन एक बोतल में गंदगी देखकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। जांच में आरोप सही पाए गए और आयोग ने कंपनी की “ऑटोमैटिक प्रोसेस” वाली दलील को सिरे से खारिज कर दिया। साफ कहा गया कि इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनी से ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

उधर हरियाणा के फरीदाबाद में मशहूर ब्रांड Haldiram's भी उपभोक्ता के साथ लापरवाही और बदसलूकी के मामले में फंस गया। यहां एक ग्राहक को एक्सपायरी मिठाई बेच दी गई और विरोध करने पर स्टाफ ने न सिर्फ बदतमीजी की बल्कि पैकेट से तारीख तक मिटा दी। मामला उपभोक्ता फोरम पहुंचा तो कंपनी पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगा और पीड़ित को मुआवजा देने का आदेश दिया गया।

इन दोनों घटनाओं ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या नामी ब्रांड्स अब गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा से समझौता कर रहे हैं? हालांकि राहत की बात यह है कि अब उपभोक्ता जागरूक हो रहे हैं और न्याय व्यवस्था भी सख्ती दिखा रही है। साफ है, अब कंपनियों की छोटी सी लापरवाही भी उन्हें भारी पड़ सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें