भोपाल में शिक्षा मिशन: 21–27 अप्रैल बुलावा, बिना प्लान वापसी मना!
भोपाल, 15 अप्रैल 2026।
राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जारी एक महत्वपूर्ण आदेश में प्रदेश के सभी जिलों को वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य योजना एवं बजट (AWP&B) तैयार कर निर्धारित तिथियों में भोपाल उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार से प्राप्त मार्गदर्शन के आधार पर जारी किया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि इस वर्ष की योजना UDISE+ 2024-25 के आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाएगी।
जारी आदेश के अनुसार सभी जिलों को 21 से 27 अप्रैल 2026 के बीच तय तिथियों में अपनी पूरी योजना टीम के साथ राज्य शिक्षा केन्द्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि बिना योजना को अंतिम रूप देकर और प्रबंध पोर्टल पर अपलोड किए किसी भी जिले को वापस लौटने की अनुमति नहीं होगी।
निर्देश में कहा गया है कि प्रत्येक जिले से जिला परियोजना प्रबंधक (DPM), प्लान प्रभारी, वित्त अधिकारी, निर्माण प्रभारी एवं प्रोग्रामर को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। सभी अधिकारियों को लैपटॉप के साथ सुबह 10 बजे राज्य शिक्षा केन्द्र के मीटिंग हॉल में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलों को केवल बजट ही नहीं बल्कि विस्तृत योजना भी प्रस्तुत करनी होगी, जिसमें जिला वार्षिक योजना का राइटअप, GOI टेबल, सफलता की कहानियां, विकासखंड योजना, जनशिक्षा केन्द्र योजना तथा शाला विकास योजना शामिल हैं।
राज्य शिक्षा केन्द्र ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी योजनाएं सक्षम स्तर से पूर्व स्वीकृत होकर ही प्रस्तुत की जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अधूरी तैयारी को गंभीरता से लिया जाएगा। दरअसल, अप्रैल के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित PAB (Project Approval Board) की बैठक में इन्हीं योजनाओं के आधार पर केंद्र से बजट स्वीकृत किया जाएगा, जिससे यह पूरी प्रक्रिया शिक्षा विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें