आधी रात संघ मुख्यालय पर हमला, पूरे शहर में मचा हड़कंप
0
टिप्पणियाँ
झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के निवरणपुर स्थित कार्यालय पर देर रात हुए कथित पेट्रोल बम हमले के दावे ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है।
संघ के मीडिया समन्वय प्रमुख स्निग्ध रंजन के अनुसार बुधवार रात करीब 12:30 बजे अज्ञात लोगों ने कार्यालय परिसर की ओर पेट्रोल बम फेंके। घटना के बाद संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। वहीं पुलिस ने मौके से दो कांच की बोतलों के टूटे हुए हिस्से और एक धागा बरामद किया है।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कहा है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने से पहले यह कहना उचित नहीं होगा कि बरामद बोतलों में पेट्रोल था या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ। शुरुआती जांच में किसी आईईडी या विस्फोटक सामग्री के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी संभावित पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने इसे गंभीर साजिश करार देते हुए कहा कि रांची में अशांति फैलाने की कोशिश की गई है। उन्होंने मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जांच कराने की मांग उठाई है।
देर रात संघ मुख्यालय को निशाना बनाए जाने के दावे के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अब सभी की निगाहें फॉरेंसिक रिपोर्ट और एसआईटी की जांच पर टिकी हैं, जो यह स्पष्ट करेगी कि यह महज शरारत थी या किसी बड़ी साजिश की शुरुआत।
Tags :
अखबारों की कतरन

एक टिप्पणी भेजें