मुकेश त्यागी पर राष्ट्रीय नेतृत्व का बड़ा भरोसा, दो क्षेत्रों की कमान
0
टिप्पणियाँ
वडोदरा में 4 एवं 5 जुलाई को संपन्न अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में संगठन सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन के अनुभवी एवं समर्पित कार्यकर्ता आदरणीय श्री मुकेश जी त्यागी को उत्तर-पश्चिम क्षेत्र एवं मध्य क्षेत्र के संगठन मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उनका कार्यकेंद्र भोपाल रहेगा। इसके साथ ही वे पूर्ववत केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य के दायित्व का भी निर्वहन करते रहेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के इस निर्णय को संगठन के विस्तार, कार्यगति और प्रभावी समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। श्री त्यागी के लंबे संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं से सतत संवाद तथा ग्राहक जागरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें दो-दो क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपना संगठन के विश्वास और अपेक्षाओं का प्रतीक माना जा रहा है।
उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के अंतर्गत राजस्थान एवं गुजरात के साथ गुजरात, सौराष्ट्र, जयपुर, जोधपुर तथा चित्तौड़ प्रांत शामिल हैं, जबकि मध्य क्षेत्र में मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के साथ मध्यभारत, महाकौशल, मालवा और छत्तीसगढ़ प्रांत आते हैं। इन दोनों क्षेत्रों के संगठनात्मक कार्यों का नेतृत्व अब श्री मुकेश जी त्यागी के मार्गदर्शन में होगा। अन्य सभी संगठनात्मक दायित्व पूर्ववत यथास्थिति में बने रहेंगे।
संगठन के सूत्रों के अनुसार यह निर्णय अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कार्यों को अधिक प्रभावी, गतिशील और व्यापक बनाने की दृष्टि से लिया गया है। कार्यकर्ताओं में इस निर्णय को लेकर उत्साह का वातावरण है तथा विश्वास व्यक्त किया जा रहा है कि श्री मुकेश जी त्यागी के नेतृत्व में दोनों क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति और नई दिशा प्राप्त होगी।
Tags :
समाचार

एक टिप्पणी भेजें