लेबल

पढ़ाई में पैसा बना रोड़ा, कलेक्टर ने थामा छात्रा का हाथ

 

शिवपुरी, 18 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि मौके पर समाधान और तत्काल मदद मिली। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनीं और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पढ़ाई में आर्थिक तंगी बनी बाधा, कलेक्टर ने बढ़ाया मदद का हाथ

जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 26, करौंदी कॉलोनी निवासी मेधावी छात्रा प्रियंका कुशवाह अपनी पढ़ाई और परिवार की आर्थिक परेशानी को लेकर पहुंचीं। छात्रा की लगन और भविष्य को देखते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल रेडक्रॉस से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की और मौके पर ही चेक सौंप दिया।

कलेक्टर की इस त्वरित पहल से छात्रा के चेहरे पर राहत और उम्मीद साफ नजर आई।

बीमारी के इलाज के लिए भी तत्काल आर्थिक सहायता

जनसुनवाई में गंभीर बीमारी के उपचार के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे जरूरतमंदों को भी राहत मिली। ग्राम गुगरीपुरा निवासी विक्रम जाटव को उनकी पत्नी के उपचार के लिए 10 हजार रुपये, जबकि महेश पाल को इलाज के लिए 5 हजार रुपये की सहायता राशि रेडक्रॉस मद से प्रदान की गई।

यानी जनसुनवाई में समस्याएं सिर्फ सुनी नहीं गईं, बल्कि जरूरत के मुताबिक मदद का रास्ता भी तत्काल खोला गया।

अधिकारियों को दो टूक - लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाला प्रत्येक आवेदन महत्वपूर्ण है और उसका समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें