शिवपुरी में कलेक्टर का बड़ा एक्शन! 3 आदतन अपराधी 6 महीने के लिए जिला बदर
शिवपुरी, 18 अगस्त 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने तीन आदतन अपराधियों को 6 महीने के लिए जिला बदर कर दिया है। अब ये आरोपी शिवपुरी समेत आसपास के छह जिलों की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
प्रशासन का सख्त संदेश—अपराधियों पर शिकंजा
जिला प्रशासन के अनुसार, इन तीनों के खिलाफ पिछले कई वर्षों से विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। उनकी आपराधिक गतिविधियों से शांति व्यवस्था प्रभावित होने और गंभीर घटना की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
जिला बदर किए गए आरोपियों में अकरम शाह (25), निवासी नरवर तिराहा सतनवाड़ा, अरविंद गुर्जर (21), निवासी करोंदी कॉलोनी शिवपुरी और दिनेश उर्फ लल्लू परिहार (38), निवासी इंद्रा कॉलोनी बदरवास शामिल हैं।
इन 7 जिलों की सीमा से बाहर रहना होगा
आदेश के तहत तीनों को शिवपुरी के साथ ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, दतिया और गुना की सीमा से भी 6 माह के लिए बाहर रहना होगा।
जिला बदर की अवधि में उन्हें जहां भी निवास करना होगा, उसकी सूचना हर महीने रजिस्टर्ड डाक के जरिए संबंधित थाने को देना अनिवार्य होगा। संबंधित थाना प्रभारी इसका रिकॉर्ड भी संधारित करेंगे।
कोर्ट में पेशी के लिए मिलेगी सशर्त छूट
यदि जिला बदर किए गए किसी व्यक्ति का इन जिलों के न्यायालय में कोई मामला लंबित है, तो वह सिर्फ न्यायालय में पेशी के दिन वहां आ-जा सकेगा। इसके लिए पहले संबंधित थाना प्रभारी और जिले के पुलिस अधीक्षक को सूचना देना अनिवार्य होगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अब सख्ती जारी रहेगी।
एक टिप्पणी भेजें