लेबल

शिवपुरी में अवैध क्लीनिक पर बड़ा छापा! ‘डॉ. शेख’ के नाम पर चल रहा था इलाज, स्वास्थ्य विभाग ने जड़ा ताला

 



शिवपुरी, 23 अगस्त 2026। शहर के झांसी तिराहे पर कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित ‘डॉ. शेख क्लीनिक’ पर स्वास्थ्य विभाग ने अचानक छापामार कार्रवाई कर तालाबंदी कर दी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कथित फर्जी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को आवेदन भी सौंप दिया है।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि कलेक्टर को झांसी तिराहा क्षेत्र में अवैध क्लीनिक संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील खंडोलिया के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच दल गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


रविवार दोपहर टीम ने झांसी तिराहे पर दबिश दी तो सेसई वाला मिष्ठान भंडार के पास ‘डॉ. शेख’ के नाम से क्लीनिक संचालित मिला। जांच के दौरान वहां आजिम पुत्र अजमल शेख, निवासी ग्राम सहर, जिला मथुरा मिला। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने भाई शेख अजहर अली के एमबीबीएस चिकित्सक होने की बात कही, लेकिन मौके पर वैध चिकित्सकीय उपचार संबंधी डिग्री प्रस्तुत नहीं की जा सकी।


मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच दल ने क्लीनिक को तत्काल सील कर दिया। दल में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील खंडोलिया, एपिडेमियोलॉजिस्ट श्री लाल जू शाक्य और फार्मासिस्ट श्री बालेन्दु रघुवंशी शामिल रहे।


जांच दल की रिपोर्ट मिलते ही सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने सिटी कोतवाली शिवपुरी में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें