अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल में शिवपुरी का शानदार प्रदर्शन, संभाग की उपविजेता बनी टीम
1
टिप्पणियाँ
कई वर्षों बाद फाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास, दतिया और गुना को हराकर बढ़ाया जिले का गौरव
शिवपुरी। ग्वालियर में आयोजित एसजीएफआई स्कूल संभागीय अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शिवपुरी की बेटियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए संभाग की उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। कई वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शिवपुरी की टीम ने फाइनल में जगह बनाकर जिले के बास्केटबॉल इतिहास में एक यादगार उपलब्धि दर्ज कराई।
खेल परिसर शिवपुरी में कोच धर्मेंद्र शिवहरे के मार्गदर्शन में लंबे समय से चल रहे कड़े अभ्यास का असर प्रतियोगिता में साफ नजर आया। टीम ने शुरुआत से ही अपने आक्रामक और अनुशासित खेल से प्रतिद्वंद्वी टीमों पर दबदबा बनाए रखा।
दतिया को 22-00 से दी करारी शिकस्त
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में शिवपुरी की टीम ने दतिया को एकतरफा अंदाज में 22-00 से पराजित कर शानदार शुरुआत की। इस जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और टीम ने अगले मुकाबले के लिए मजबूती से कदम बढ़ाया।
सेमीफाइनल में गुना को 22-20 से हराया
सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। शिवपुरी और गुना की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। शिवपुरी की खिलाड़ियों ने अंतिम क्षणों तक शानदार संघर्ष करते हुए गुना को 22-20 से शिकस्त दी और फाइनल में प्रवेश कर लिया। कई वर्षों बाद फाइनल में पहुंचना टीम के लिए अपने आप में बड़ी उपलब्धि रही।
फाइनल में मेजबान ग्वालियर से मुकाबला
खिताबी मुकाबले में शिवपुरी का सामना मेजबान ग्वालियर की मजबूत टीम से हुआ। शिवपुरी की खिलाड़ियों ने पूरे जोश और जज्बे के साथ मुकाबला किया और जीत के लिए जमकर संघर्ष किया। हालांकि अंतिम परिणाम ग्वालियर के पक्ष में रहा और शिवपुरी को 18-06 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही शिवपुरी की टीम संभाग की उपविजेता बनी।
बेटियों के शानदार प्रदर्शन पर बधाइयों का दौर
शिवपुरी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रियांशी रजक, सारिका खटीक, भूमिजा रावत, नित्या रघुवंशी, सौम्या सिंह, लावण्या, पूर्वी प्रजापति, तोशी खंडेलवाल, अनुष्का, जयंती और प्रियल को बधाई दी गई।
टीम के शानदार प्रदर्शन में कोच धर्मेंद्र शिवहरे, जनरल मैनेजर मोहम्मद नूर कुरैशी और टीम मैनेजर अनीता राठौर के मार्गदर्शन और प्रयासों की भी सराहना की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव, क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बामटे, अजय बाथम सहित स्थानीय खेल प्रेमियों ने पूरी टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शिवपुरी की बेटियों का यह प्रदर्शन न केवल उपविजेता का तमगा है, बल्कि आने वाले समय में जिले में बालिका बास्केटबॉल की नई संभावनाओं का मजबूत संकेत भी है।
Tags :
शिवपुरी

Thank you sir 🙏
जवाब देंहटाएं