पीएमएफएमई योजना से चमकी संदीप शर्मा की किस्मत, 8 युवाओं को मिला रोजगार
0
टिप्पणियाँ
शिवपुरी, 09 अक्टूबर 2026। दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और सही मार्गदर्शन मिल जाए, तो सीमित संसाधनों के बावजूद सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है। शिवपुरी शहर के नवाब साहब रोड स्थित अन्नपूर्णा फूड प्रोसेसिंग के संचालक संदीप शर्मा ने इसे सच कर दिखाया है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) का लाभ लेकर उन्होंने अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और आज न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि 8 अन्य स्थानीय युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
संदीप शर्मा की सफलता की यह कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करने या पहले से संचालित उद्यम का विस्तार करने का सपना देखते हैं। एक समय सीमित संसाधनों के साथ व्यवसाय को आगे बढ़ाने की योजना बना रहे संदीप को उद्यानिकी विभाग के जिला रिसोर्स पर्सन गिर्राज ओझा के माध्यम से पीएमएफएमई योजना की जानकारी मिली। योजना के बारे में जानने के बाद उन्होंने अपने मिल्क प्रोसेसिंग यानी दूध प्रसंस्करण व्यवसाय को विस्तार देने का निर्णय लिया और विभागीय सहयोग से वित्तीय वर्ष 2026-27 में आवेदन किया।
योजना के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शिवपुरी शाखा से संदीप शर्मा को 18 लाख रुपये का बैंक ऋण स्वीकृत हुआ। इसके साथ ही उन्हें योजना के नियमानुसार 3.75 लाख रुपये की शासकीय सब्सिडी का लाभ भी मिला। ऋण और सब्सिडी से प्राप्त वित्तीय सहयोग ने उनके सपनों को साकार करने का रास्ता आसान बनाया। इस सहायता के माध्यम से उन्होंने आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया और उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पादों का निर्माण शुरू किया।
नई प्रसंस्करण इकाई की स्थापना के साथ ही संदीप शर्मा के व्यवसाय को गति मिली। उनके उद्यम ने न केवल उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित किए। वर्तमान में वे अपने मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 70 हजार से 80 हजार रुपये की शुद्ध आमदनी अर्जित कर रहे हैं। इसके साथ ही 8 स्थानीय युवाओं को रोजगार देकर उन्होंने अन्य परिवारों की आजीविका को मजबूत बनाने में भी योगदान दिया है।
संदीप शर्मा की उपलब्धि यह दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं की सही जानकारी, विभागीय मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता का प्रभावी उपयोग किसी भी छोटे उद्यम को नई पहचान दिला सकता है। उनका सफर उन युवाओं के लिए मिसाल है, जो नौकरी की तलाश करने के साथ-साथ स्वरोजगार के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं।
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए संदीप शर्मा कहते हैं कि पीएमएफएमई योजना ने उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
संदीप शर्मा की यह कहानी केवल एक व्यवसाय की तरक्की की कहानी नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता, मेहनत और अवसरों का सही उपयोग करने की प्रेरक मिसाल भी है। उनकी सफलता बताती है कि यदि संकल्प मजबूत हो और सही समय पर उचित मार्गदर्शन व सहयोग मिल जाए, तो छोटे स्तर से शुरू किया गया प्रयास भी सफलता के साथ-साथ दूसरों के लिए रोजगार और बेहतर भविष्य का आधार बन सकता है।
Tags :
शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें