वास्तव में गधा कौन?
0
टिप्पणियाँ
लोकतंत्र में सवाल पूछना जनता का अधिकार है और गलत का विरोध करना उसका कर्तव्य। लेकिन क्या विरोध के नाम पर किसी व्यक्ति को सार्वजनिक मंच पर अपमानित करना उचित है?
शिवपुरी में भाजपा विधायक देवेंद्र जैन और लोधी महासभा के एक सदस्य के बीच हुई कथित नोकझोंक के दौरान अपमानजनक शब्दों पर तालियां गूंजने की चर्चा ने यही सवाल खड़ा किया है कि क्या किसी को नीचा दिखाना अपनी श्रेष्ठता साबित करने का तरीका है?
आम बोलचाल में ‘गधा’ शब्द मूर्खता का पर्याय बन गया है, जबकि गधा मेहनती और सहनशील जीव है। विडंबना है कि मनुष्य ने उसकी उपयोगिता भुलाकर उसके नाम को अपमान का प्रतीक बना दिया। अब सवाल है कि वास्तव में गधा कौन?
क्या किसी जनप्रतिनिधि की आलोचना करना गलत है? बिल्कुल नहीं। विधायक जनता के सेवक हैं। उनके कामकाज पर सवाल उठने चाहिए, गलतियों पर जवाब मांगा जाना चाहिए और जरूरत पड़ने पर विरोध भी होना चाहिए लेकिन आलोचना और अपमान में अंतर है। तर्क से सवाल करना लोकतांत्रिक अधिकार है, जबकि व्यक्तिगत अपमान संवाद की कमजोरी।
इसी तरह ग्रेजुएट होना शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण है, विवेक और संस्कारों का नहीं। वास्तविक शिक्षा इस बात में झलकती है कि व्यक्ति असहमति के समय अपनी भाषा और व्यवहार पर कितना संयम रखता है। भीड़ की तालियां भी किसी की बात को सही साबित नहीं करतीं।
वास्तविक मूर्खता गलती करने में नहीं, बल्कि तर्क छोड़कर अपमान को अपनी जीत समझने में है। किसी को गधा कह देने से कोई बुद्धिमान नहीं बन जाता, जैसे किसी पद पर बैठने से कोई व्यक्ति अचूक नहीं हो जाता।
समाज को ऐसे नागरिक चाहिए जो सवाल पूछें, ऐसे जनप्रतिनिधि जो जवाब दें और ऐसे मंच जहां तालियां अपमान पर नहीं, सार्थक तर्क और जनहित की आवाज पर बजें।
आखिरकार, सवाल यह नहीं कि किसने किसे गधा कहा बल्कि यह है कि अपनी बात सही साबित करने के लिए हमने विवेक का सहारा लिया या अपमान का?
यही हमारी शिक्षा, संस्कार और लोकतांत्रिक परिपक्वता की असली कसौटी है।
Tags :
दिवाकर की दुनाली से

एक टिप्पणी भेजें