लेबल

कौन पी गया 1200 लीटर डीजल? हिसाब मांग रही शिवपुरी!

 


शिवपुरी नगर पालिका में सफाई व्यवस्था अब भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ती दिखाई दे रही है। हर महीने 18 से 20 लाख रुपए ईंधन पर खर्च हो रहे हैं, फिर भी 20 लाख रुपए का भुगतान अटकने से 34 कचरा वाहन दो दिनों से खड़े हैं। शहर कचरे से बदहाल है और नगर पालिका के जिम्मेदार फाइलों में उलझे हैं। आखिर जनता के टैक्स का पैसा जा कहां रहा है?

सबसे बड़ा सवाल एलएनटी मशीन में 1200 लीटर डीजल की खपत का है। करीब 1.25 लाख रुपए का डीजल कहां फूंका गया, मशीन कितने घंटे चली और किसके आदेश पर चली, इसका रिकॉर्ड तक उपलब्ध नहीं! क्या नगर पालिका में सरकारी डीजल बिना हिसाब के बांटा जा रहा है? यदि सब कुछ नियमों से हुआ तो हिसाब सामने लाने में परेशानी क्यों?

हर महीने लाखों का ईंधन खर्च होने के बावजूद भुगतान का संकट कैसे खड़ा हो गया? नवंबर में खर्च 20 लाख के पार कैसे पहुंचा? क्या कभी वाहनों की वास्तविक आवाजाही और डीजल की खपत का मिलान हुआ? या फिर सफाई के नाम पर कागजों में ही वाहन दौड़ते रहे और सरकारी खजाने पर बोझ बढ़ता रहा?

हैरानी यह है कि जिम्मेदारी तय करने के बजाय केवल चालकों को नोटिस देकर मामले को सीमित करने की कोशिश हो रही है। उन अधिकारियों से सवाल कौन करेगा, जिनकी निगरानी में लाखों का ईंधन खर्च हुआ? जनप्रतिनिधि आखिर मौन क्यों हैं? क्या शहर की जनता को सिर्फ टैक्स देने और कचरे में रहने के लिए छोड़ दिया गया है?

अब पूरे ईंधन खर्च, बिलों, लॉगबुक और एलएनटी मशीन के संचालन की निष्पक्ष जांच जरूरी है। आखिर यह नगर पालिका है या सरकारी खजाने से ईंधन उड़ाने का अड्डा? शिवपुरी की जनता को जवाब चाहिए कि 1200 लीटर डीजल कहां गया और इस पूरे खेल का असली जिम्मेदार कौन है?

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें