शिवपुरी - कर्तव्यनिष्ठ और कर्मचारी हितैषी थे शाही : विधायक भारती

शिवपुरी- कर्मचारियों के प्रति सजगता और उन्हें कर्तव्य बोध कराकर स्वयं कर्तव्यनिष्ठ बनने का गौरव हासिल करने वाले स्व.शाही हमेशा कर्मचारी हितैषी रहे आज उनके जीवन संस्मरण को मप्र वन कर्मचारी संघ बनाए है जो कि लगातार 29वीं पुण्यतिथि पर वन कर्मचारियों को सम्मानित कर स्व.शाही को आदर भाव के साथ श्रद्धांजलि देने का अनुकरणीय कार्य कर रहा है नि:संदेह स्व.शाही के कृतित्व और व्यक्तित्व का प्रभाव वन कर्मचारी संगठन में भी देखने को मिल रहा है ऐसे महान कर्मचारी नेता स्व.शाही को पुण्य नमन्। 

उक्त विचार प्रकट किए पोहरी क्षेत्र के विधायक प्रहलाद भारती ने जो स्थानीय 'मिनी शाही स्मृति' वन चौकी परिसर में आयोजित कर्मचारी नेता स्व.मदन मोहन शाही की 29वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रमोद भार्गव लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार, डॉ.भगवत सहाय सूद संरक्षक पतंजलि योग समिति एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता मप्र वन कर्मचारी संघ के संरक्षक धर्मेन्द्र शर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरूआत स्व.मदन मोहन शाही के चित्र पर दीप प्रज्जवल व माल्यार्पण के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन मप्र वन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष दुर्गा ग्वाल ने किया जिन्होनें कर्मचारी नेता स्व.शाही के जीवन से ओतप्रोत विभिन्न संस्मरणों को सुनाया साथ ही स्व.शाही के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प भी वनकर्मियों से लिया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि लेखक प्रमोद भार्गव ने भी स्व.मदन मोहन शाही के जीवन को विस्तृत रूप से बताया और उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव कर्मचारी हितैषी होना बताया साथ ही कहा कि कर्मचारीयों को विभिन्न प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है ऐसे में स्व.शाही ने हमेशा कर्मचारी वर्ग की समस्याओं को ध्यान में रखा और अपने कार्यों से महान कर्मचारी नेता की पहचान बनाई जो आज सबदूर सर्वविदित है। 

कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे जिसमें शिक्षक कर्मचारी संघ से सुशील अग्रवाल, राज्य कर्मचारी संघ से अजमेर सिंह यादव, वन्य प्राणी संघ से फरीद खान, वन कर्मचारी संघ गुना से जिलाध्यक्ष दुर्गेश जाट, राजपत्रित अधिकारी संघ अध्यक्ष प्रकाश पाण्डे सहित पतंजलि योग समिति के सेवावृत्ति कैलाश शर्मा, श्याम पाठक, हरिवल्लभ शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सुन्दरकाण्ड पाठ के साथ जबकि प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ। 

स्व.शाही स्मृति में किया वृक्षारोपण 

कार्यक्रम में स्व.मदनमोहन शाही की स्मृति में मिनी शाही स्मृति वन की स्थापना गत वर्ष स्व.शाही की पुण्यतिथि पर की गई थी। यहां सामान्य वन मण्डल कार्यालय से सटी वन चौकी परिसर में ही स्व.शाही स्मृति में छायादार व फलदार पौधों को रोपा। इस दौरान विधायक प्रहलाद भारती, प्रमोद भार्गव, दुर्गा ग्वाल, धर्मेन्द्र शर्मा व योग संरक्षक डॉ.सूद ने स्व.शाही की स्मृति को संजोए रखते हुए पौधों का रोपण किया और इन्हें खाद-पानी व सुरक्षा देकर इनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी ली।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें