शर्मनाक - कैलिफोर्निया में तोड़ी गई महात्मा गांधी की प्रतिमा, भारत ने की निंदा, उठाई जाँच की मांग

 

भारत ने शनिवार (30 जनवरी) को संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ करने को दुर्भावनापूर्ण और घृणित कार्य बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। साथ ही इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

गुरुवार (28 जनवरी) को कैलिफोर्निया के डेविस शहर के सेंट्रल पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया था। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि यह मूर्ति भारत सरकार द्वारा डेविस शहर को एक उपहार में दी गई थी।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “भारत सरकार शांति और न्याय के सार्वभौमिक सम्मान वाले व्यक्ति की प्रतिमा के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण और घृणित कार्य की कड़ी निंदा करती है। सैन फ्रांसिस्को में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस मामले को डेविस शहर और स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों के सामने अलग से उठाया है।”

डेविस के मेयर ने इस घटना पर गहरा अफसोस जताते हुए कहा कि उन्होंने जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय भारतीय सामुदायिक संगठनों ने इस घटना की निंदा की है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी विदेश विभाग ने संदेश दिया कि बर्बरता की यह कार्रवाई अस्वीकार्य है और इस उम्मीद को व्यक्त किया कि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ कर न्याय किया जाएगा।

साभार - swarajyamag.com
एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें