त्रिपुरा के मुख्यमंत्री का दावा, अमित शाह के पास है नेपाल तथा श्रीलंका में भी भाजपा सरकार बनाने का प्लान

 

केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार 7 साल पूरा करने वाली है और अब गृह मंत्री अमित शाह की योजना नेपाल और श्रीलंका में भी बीजेपी की सरकार बनाने की है | इस बात का दावा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने किया है | बिप्लब देब ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की नेपाल और श्रीलंका में भाजपा सरकारें बनाने की योजना है |

त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में बीजेपी के एक कार्यक्रम में कहा, पार्टी की न केवल देश में बल्कि पड़ोसी देशों में भी विस्तार करने की योजना है | उन्होंने आगे कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की नेपाल और श्रीलंका में भाजपा की सरकार बनाने की योजना है |

कार्यक्रम में बिप्लब देव ने साल 2018 में त्रिपुरा विधान सभा चुनाव की तैयारी के दौरान उनके द्वारा की गई बातचीत को शेयर किया | उस चुनाव में बीजेपी ने वाम मोर्चा को हराया था और बिप्लब देब मुख्यमंत्री बने थे | उन्होंने कहा कि जब अमित शाह भाजपा प्रमुख थे, तब एक बैठक के दौरान भारत में सभी राज्यों में पार्टी की जीत के बाद 'विदेशी विस्तार' के बारे में बातचीत की थी |

बिप्लब देब ने दावा किया, 'हम स्टेट गेस्ट हाउस में बात कर रहे थे, तब भाजपा के उत्तर-पूर्व जोनल सचिव अजय जमवाल ने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में अपनी सरकार बनाई है | इसके जवाब में, अमित शाह ने कहा कि अब श्रीलंका और नेपाल बाकी है | हमें श्रीलंका और नेपाल में पार्टी का विस्तार करना है और चुनाव जीतकर सरकार बनानी है |'

बिप्लब देब ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जल्द होने वाले विधान सभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस पराजित होगी | बिप्लब देब ने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने के लिए अमित शाह के नेतृत्व की तारीफ की | मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केरल में हर पांच साल में वाम दलों व कांग्रेस के बीच सरकार बदलने की प्रवृत्ति को बदलेगी और दक्षिणी राज्य में विजेता के रूप में उभरेगी |

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें