मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना 2023 का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 5 मार्च को

शिवपुरी/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना 2023 का शुभारंभ 05 मार्च को भोपाल के जम्बूरी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किया जा रहा है।  इस कार्यक्रम में लगभग 1 लाख महिला प्रतिभागी सम्मिलित हो रही हैं।

कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी द्वारा मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना 2023 के राज्य स्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए है। जिसमें मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना 2023 के राज्य स्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम के पूर्व दोपहर 12 बजे से प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय वार्ड के स्तर पर स्थानीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये। स्थानीय आयोजन में स्थानीय लोक रंग एवं लोक गीत आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

स्थानीय कार्यक्रम में सक्रिय महिलाओं के द्वारा समाज में व्यापक बदलाव में महिलाओं की भूमिका एवं शासन के प्रयासों पर उद्बोधन होगा। ग्राम पंचायत के अलावा संबंधित ग्रामों/आंगनवाड़ियों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। ताकि लाडली बहनों को अधिक दूरी तय न करना पड़े। राज्य स्तरीय आयोजन के पूर्व स्थानीय जनप्रतिनिधियों का उद्बोधन होगा। राज्य स्तर से प्रसारित होने वाले मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना 2023 के शुभारम्भ कार्यक्रम आयोजन के सीधे प्रसारण की समुचित व्यवस्था की जाये जिसमें स्थानीय स्तर पर उपस्थित महिलाओं तथा उनके परिवार के सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। ग्राम पंचायत/ शहरी वार्ड, विकासखण्ड एवं जिला स्तर के कार्यक्रमों को उत्सव का व्यापक रूप देने के लिये सभी जनप्रतिनिधियों, जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समितियों, अंत्योंदय समितियों, महिला स्वसहायता समूहों, स्वच्छता दूतों, किसान मित्र, सहयोगिनी मातृ समितियों, शौर्या दल के सदस्यों, स्वयंसेवी संगठनों की प्रत्येक स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल पर समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।


एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें