लेबल

क्या एक महिला बनेंगी मध्यप्रदेश भाजपा की नई अध्यक्ष? धर्मेंद्र प्रधान के दौरे से पहले बढ़ी हलचल!

 

भोपाल। क्या मध्यप्रदेश भाजपा की कमान इस बार किसी महिला नेता के हाथों में सौंप दी जाएगी? संगठन के उच्च स्तर पर चल रही बैठकों और मंथनों के बीच सूत्रों से बड़ी जानकारी सामने आई है कि एक जुलाई से तीन जुलाई के बीच प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है। चर्चा है कि यह नाम किसी महिला नेता का हो सकता है, जिससे भाजपा संगठन में एक ऐतिहासिक बदलाव की पटकथा लिखी जा सकती है।

सबसे बड़ी बात यह है कि एक जुलाई को केंद्रीय चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान का मध्यप्रदेश दौरा तय है। सूत्रों का कहना है कि उनके आगमन के साथ ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर औपचारिक मोहर लग सकती है। भाजपा के भीतर लंबे समय से महिला नेतृत्व को सक्रिय भूमिका देने की बातें हो रही थीं, और अब समय आ गया है जब वह विचार व्यवहार में बदल सकता है।

पार्टी के रणनीतिकार मानते हैं कि महिला अध्यक्ष की नियुक्ति से पार्टी को सामाजिक संतुलन के साथ-साथ राजनीतिक लाभ भी मिलेगा। इससे महिला मतदाताओं के बीच भाजपा की पकड़ और मजबूत होगी और विपक्ष को एक नया झटका भी मिलेगा। संगठन से जुड़े सूत्र कहते हैं कि यह फैसला सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि पूर्ण राजनीतिक सोच के साथ लिया जा रहा है।

अब पूरे प्रदेश की निगाहें इस ओर टिकी हैं कि क्या भाजपा वाकई इस बार परंपरा को तोड़ते हुए महिला चेहरे को नेतृत्व की कमान सौंपेगी? क्या यह कदम आने वाले निकाय चुनाव और लोकसभा की रणनीति का हिस्सा है? और सबसे अहम – कौन है वो चेहरा जिसे भाजपा अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सामने लाएगी? जवाब जल्द मिल सकता है, लेकिन इतना तय है कि भाजपा इस बार कोई चौंकाने वाला फैसला करने वाली है।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें