फिजिकल थाना शिवपुरी : कार्रवाई, अफवाहें और सवालों की परतें
शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में हुई हालिया पुलिस कार्रवाई ने शहर में चर्चाओं का ऐसा बाजार गर्म किया है, जहां आधिकारिक बयान और जनमानस की बातें आमने-सामने खड़ी नजर आती हैं। एक ओर पुलिस द्वारा जारी विस्तृत प्रेस नोट है, तो दूसरी ओर दिनभर थाने के आसपास जो कुछ देखा-सुना गया, उसने कई सवालों को जन्म दे दिया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शादी के नाम पर युवकों से धोखाधड़ी कर पैसा ऐंठने वाले गिरोह के खिलाफ की गई। प्रेस नोट में साफ कहा गया है कि अवैध रूप से संचालित दो मेट्रोमोनियल कॉल सेंटरों यूनिक रिश्ते डॉट कॉम और शादी मैचिंग डॉट कॉम के जरिए महिला बनकर युवकों को प्रलोभन दिया जाता था और क्यूआर कोड व बैंक खातों के माध्यम से उनसे रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर, मोबाइल, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज जब्त किए, कुछ आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए और प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू करने की बात कही। प्रेस नोट में कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना भी की गई है।
लेकिन इसी कार्रवाई को लेकर शहर में दिनभर एक अलग ही तस्वीर चर्चा में रही। सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर से रात तक फिजिकल थाने में हलचल बनी रही। 8 से 10 नहीं बल्कि 16 युवतियों और 2 पुरुषों की मौजूदगी की बातें सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे ऑनलाइन फ्रॉड से आगे बढ़कर ऑनलाइन सेक्स गतिविधियों या सेक्स रैकेट से भी जोड़ दिया। हालांकि इन दावों पर पुलिस की ओर से तत्काल कोई सार्वजनिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया, जिससे रहस्य और गहरा गया।
मीडिया की भूमिका भी इस पूरे घटनाक्रम में सवालों के घेरे में रही। कुछ पत्रकार मौके पर पहुंचे जरूर, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। आरोप लगे कि कुछ लोगों के मोबाइल फोन वीडियो बनाते समय बंद कराए गए और फुटेज डिलीट करवाई गई। यहां एक अहम सवाल उठता है कि जिनके मोबाइल बंद कराए गए, क्या वे वास्तव में पत्रकार थे या फिर पत्रकारिता की आड़ में मौजूद तथाकथित चेहरे? यह फर्क भी अब चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं, शहर के कई प्रतिष्ठित माने जाने वाले पत्रकार या तो इस कवरेज में पहुंचे ही नहीं, या जो पहुंचे, वे थाना प्रभारी से मुलाकात कर चुपचाप लौट गए। न कैमरे चले, न सवाल गूंजे। इससे यह धारणा और मजबूत हुई कि सच के कई पहलू अभी भी परतों में छिपे हैं।
दिनभर फोन न उठना, आधिकारिक पुष्टि में देरी और बाद में जारी हुआ विस्तृत प्रेस नोट इन सबने मिलकर लोगों के मन में यह सवाल छोड़ दिया है कि क्या जो दिखा, वही पूरा सच था? या फिर जो प्रेस नोट में लिखा गया, वह कहानी का सिर्फ एक हिस्सा है?
फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई कानून के दायरे में बताई जा रही है और जांच जारी है। वहीं, जनमानस में उठ रहे सवाल भी अपने-अपने तर्कों के साथ मौजूद हैं। सच शायद इन दोनों के बीच कहीं है जहां न अफवाहों को आंख मूंदकर सच माना जा सकता है और न ही सवाल पूछने को अपराध। यही वजह है कि फिजिकल थाना की यह कार्रवाई सिर्फ एक पुलिस केस नहीं, बल्कि पारदर्शिता, भरोसे और सवालों की कसौटी बनकर सामने आई है। आगे आने वाले दिन ही तय करेंगे कि परदे के पीछे छिपा पूरा सच आखिर किस रूप में सामने आता है।

एक टिप्पणी भेजें