ग्राम पाली में ग्राम सभा का बड़ा संकल्प: हर बच्चे का टीकाकरण अनिवार्य, एचपीवी वैक्सीन पर भी जोर
इस अवसर पर MPVHA यूनिसेफ के ब्लॉक समन्वयक कमल किशोर बाथम ने ग्रामीणों को टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण न केवल बच्चों को बीमारियों से बचाता है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी मजबूत करता है।
ग्राम सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि ग्राम की 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी किशोरी बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सके।
ग्राम सभा ने यह संकल्प लिया कि ग्राम स्तर पर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा और इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण टीकाकरण कराने वाले बच्चों के माता-पिता को प्रमाण पत्र एवं स्वास्थ्य किट देकर सम्मानित भी किया गया। यह सम्मान सरपंच पति श्री बलबीर धाकड़, सचिव लाखन सिंह वर्मा, सहायक सचिव परमानंद गोस्वामी, आशा कार्यकर्ता ममता परिहार, ग्राम पाली के सरपंच पति गिर्राज जाटव एवं आशा कार्यकर्ता दाखा कुशवाहा द्वारा प्रदान किया गया।
ग्राम सभा का यह निर्णय न केवल स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि अन्य गांवों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बन सकता है।

एक टिप्पणी भेजें