लेबल

शिवपुरी में IPL सट्टा गैंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

 

शिवपुरी में अवैध सट्टे के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ, जुआ एवं सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में की गई।

पहली कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि मटका पार्क के पास एक युवक ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खिला रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अर्पित रावत (25 वर्ष), निवासी ग्राम पडोरा थाना कोलारस को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से वन प्लस कंपनी का मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) मिला, जिसमें आईपीएल सट्टे की ऑनलाइन लिंक संचालित हो रही थी, साथ ही 1500 रुपये नगद भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 256/26 धारा 4 सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि दिल्ली दरबार होटल के पीछे वाली गली में एक व्यक्ति सट्टा खिला रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी जगदीश खटीक (53 वर्ष), निवासी सईसपुरा थाना फिजिकल को पकड़ लिया। उसके पास से चार सट्टा अंक पर्चियां, एक पेन तथा 1080 रुपये नगद जब्त किए गए। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 257/26 धारा 4 सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

इन कार्रवाइयों में थाना प्रभारी रोहित दुबे, प्रधान आरक्षक संतोष बैस, आरक्षक अजय यादव, बृजेश जादौन, सहायक उप निरीक्षक प्रवीण त्रिवेदी तथा आरक्षक महेन्द्र सिंह तोमर की विशेष भूमिका रही। कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें