क्या नियमों पर अड़ी वैष्णवी भारद्वाज सोशल मीडिया ट्रायल की शिकार हैं?
4
टिप्पणियाँ
शिवपुरी जिले की खनियांधाना तहसील में एक गैस एजेंसी से जुड़ा विवाद इन दिनों सोशल मीडिया पर जिस प्रकार उछाला जा रहा है, उसने एक बार फिर यह प्रश्न खड़ा कर दिया है कि क्या अब किसी भी व्यक्ति, विशेषकर किसी महिला को बदनाम करने के लिए कुछ सेकंड के वीडियो ही पर्याप्त हो गए हैं? 17 मई को सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो अचानक तेजी से वायरल किए गए और दावा किया गया कि खनियांधाना तहसील रोड स्थित वंशीवट मोहल्ला की “मां वैष्णो इंडियन गैस एजेंसी” में महिला कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट करती हैं। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि ये वीडियो उसी दिन के नहीं बल्कि लगभग 5-6 दिन पुराने बताए जा रहे हैं, जिन्हें अचानक योजनाबद्ध तरीके से वायरल किया गया।
इस पूरे प्रकरण के केंद्र में हैं 20 वर्षीय वैष्णवी भारद्वाज, जो वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय विजय भारद्वाज की पुत्री हैं। विजय भारद्वाज खनियांधाना क्षेत्र में केवल एक राजनीतिक चेहरा नहीं थे, बल्कि सामाजिक रूप से सक्रिय और प्रभावशाली व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाते थे। वर्ष 2021 में उनके दुःखद निधन के बाद जिस उम्र में सामान्य बेटियां अपने भविष्य और शिक्षा के सपने देखती हैं, उस उम्र में वैष्णवी को अपने पिता की जिम्मेदारियाँ संभालनी पड़ीं। पिता की विरासत, परिवार की प्रतिष्ठा और गैस एजेंसी के संचालन का पूरा भार उनके कंधों पर आ गया। एक युवा बेटी ने साहस दिखाया और पुरुष प्रधान व्यवस्था के बीच स्वयं खड़े होकर व्यवसाय को संभालना प्रारम्भ किया, लेकिन इसके साथ ही उन्हें अपने पिता के राजनीतिक और सामाजिक विरोधियों का सामना भी करना पड़ा।
क्षेत्र में यह चर्चा भी रही है कि विजय भारद्वाज के विरोधियों का विरोध अब वैष्णवी के सामने बाधा बनकर खड़ा है। ठीक अपने पिता की तरह वैष्णवी की छवि भी सामाजिक, व्यवहारिक और आक्रामक मानी जाती है। वह नियमों के पालन को लेकर कठोर रहती हैं और शायद यही बात कुछ लोगों को असहज करती है। वैष्णवी का कहना है कि 5-6 दिन पूर्व उनकी गैस एजेंसी पर ऐसे अनेक लोग एकत्रित हुए जो नियमों के अनुसार गैस रिफिलिंग कराने की श्रेणी में नहीं आते थे। जब उन्हें नियम समझाए गए और गैस वितरण संबंधी कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया गया, तब उन्होंने एजेंसी कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। वैष्णवी के अनुसार महिला कर्मचारियों सहित स्वयं उनके साथ भी बदतमीजी की गई और फिर एकतरफा वीडियो बनाकर ऐसा वातावरण तैयार करने का प्रयास किया गया मानो गलती केवल एजेंसी पक्ष की हो। स्थिति इतनी बिगड़ी कि स्थानीय पुलिस को सूचना देनी पड़ी। बताया जा रहा है कि जब मामला थाने पहुंचा तो संबंधित युवक के परिजनों ने स्वयं उसके व्यवहार के लिए क्षमा मांगी। स्वयं युवक ने भी थाने में महिला कर्मचारियों से माफी मांगी, जिसके बाद एजेंसी पक्ष ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं कराई। यदि वास्तव में एजेंसी पक्ष ही पूर्णतः दोषी होता, तो फिर समझौते और माफी की नौबत क्यों आती? यह प्रश्न भी समाज को स्वयं से पूछना चाहिए।
लेकिन आश्चर्य तब हुआ जब कई दिन पुराने वीडियो 17 मई को अचानक सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने लगे। जिस प्रकार से एकतरफा क्लिपिंग्स को चुन-चुनकर प्रसारित किया गया, उससे यह आशंका और गहरी हो जाती है कि कहीं यह केवल उपभोक्ता विवाद नहीं बल्कि किसी सुनियोजित छवि ध्वंस अभियान का हिस्सा तो नहीं। आज डिजिटल भीड़ को केवल कुछ सेकंड चाहिए होते हैं और फिर बिना जांच, बिना तथ्य और बिना कानून के किसी व्यक्ति को अपराधी घोषित कर दिया जाता है।
इस पूरे घटनाक्रम में कुछ राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। क्षेत्र में यह धारणा लगातार मजबूत होती दिखाई दे रही है कि कुछ लोग इस विवाद को केवल उपभोक्ता मुद्दा न रहने देकर राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं। प्रत्यक्ष रूप से नाम भले कम लिए जा रहे हों, लेकिन भीम आर्मी और कांग्रेस समर्थित गतिविधियों की छाया इस पूरे प्रकरण पर महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि क्षेत्र में चाहे कोई भी आंदोलन या विरोध प्रदर्शन क्यों न हो, उसका निष्कर्ष अंततः “गैस एजेंसी पर कार्रवाई” की मांग तक पहुंच जाता है। इससे यह संदेह और गहरा होता है कि कहीं यह विरोध केवल उपभोक्ता हित का नहीं बल्कि किसी बड़े राजनीतिक या व्यक्तिगत एजेंडे का हिस्सा तो नहीं।
सोशल मीडिया पर चल रही टिप्पणियां भी इस पूरे विवाद की दिशा को समझने के लिए काफी हैं। एक वायरल पोस्ट पर कृष्णकांत तिवारी नामक व्यक्ति ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि, “जब इतना वीडियो में दिख रहा है तो मारने-पीटने का वीडियो भी बनाया होगा, वह क्यों नहीं दिखाया जा रहा? किसी के बिजनेस में विधायक जी कहां से आ गए? यह सरासर गलत है। किसी के भेजे हुए व्यक्ति हैं एजेंसी संचालक को बदनाम करने के एवं विधायक जी को।” इस पर “श्री जी का आश्रय” नामक आईडी से उत्तर आया कि “तुम जैसे चाटुकारों की वजह से ही इतनी औकात है इन लोगों की। कैमरे के सामने नहीं मान रही है तो अकेले में कितना मारा होगा बेचारे को। अपनी जातिवादी काम दिखाओ।”
यह टिप्पणी केवल असहमति नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर बढ़ती वैचारिक हिंसा और जातीय उन्माद का उदाहरण भी है। बिना किसी न्यायिक निष्कर्ष के किसी महिला को अपराधी घोषित कर देना और फिर जातिवाद जैसे शब्दों के माध्यम से माहौल को भड़काना यह दिखाता है कि मामला अब केवल उपभोक्ता विवाद तक सीमित नहीं रहा।
विजेंद्र यादव नामक व्यक्ति ने लिखा कि “महिला को बहुत रंज आ गया है अब तो कुछ गड़बड़ जरूर होगी, गैस एजेंसी गई इसकी।” वहीं राज सोनी ने टिप्पणी की कि “विधायक जी को इस पर एक्शन लेना चाहिए। लड़की है तो क्या है, इसके लिए भी कानून बना है लेकिन कोई कानून के हिसाब से चल ही नहीं रहा है, मनमानी चल रही है एजेंसी वालों की, उसमें सबसे बड़ी लापरवाही विधायक जी की है।” जबकि देवेंद्र सिंह राजपूत लिखते हैं कि “यह लड़की भी बड़ी मजेदार है, इसे गरीबों को परेशान करने में मजा आता है।”
इन टिप्पणियों को यदि ध्यान से देखा जाए तो स्पष्ट होता है कि पूरा विमर्श अब तथ्यों से हटकर व्यक्तिगत आक्षेपों और चरित्र आधारित धारणाओं की ओर बढ़ चुका है। किसी महिला को “लड़की है तो क्या है” कहकर संबोधित करना, उसकी एजेंसी बंद होने की कामना करना या यह कहना कि उसे गरीबों को परेशान करने में आनंद आता है, यह सब उस मानसिकता को उजागर करता है जिसमें बिना प्रमाण किसी महिला की सामाजिक प्रतिष्ठा को ध्वस्त करना आसान समझा जाता है।
दुर्भाग्यपूर्ण यह भी है कि सोशल मीडिया पर महिला संचालिका द्वारा महिला कर्मचारियों को काम पर रखने को लेकर भी अनर्गल टिप्पणियाँ की जा रही हैं। कुछ लोग महिला स्टाफ को निशाना बनाकर जिस प्रकार की भाषा का उपयोग कर रहे हैं, वह केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि कार्यस्थलों पर आत्मनिर्भर बन रही हजारों महिलाओं का अपमान है। क्या किसी संस्थान में महिलाओं को रोजगार देना अब अपराध माना जाएगा? क्या पुरुष प्रधान मानसिकता को यह स्वीकार नहीं कि महिलाएं भी व्यवसाय चला सकती हैं, निर्णय ले सकती हैं और नियमों पर दृढ़ रह सकती हैं? यह पूरा विवाद कहीं न कहीं उस सामाजिक सोच को भी उजागर करता है जहाँ आत्मनिर्भर और मुखर महिलाओं को जल्दी निशाना बनाया जाता है।
वैष्णवी ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि कुछ समय पूर्व क्षेत्र के एक नेता के पुत्र की शादी में उनसे 10-15 गैस सिलेंडरों की मांग की गई थी। लेकिन नियमों और कानूनी सीमाओं के कारण उन्होंने यह मांग स्वीकार नहीं की। वैष्णवी का कहना है कि इसके बाद उन्हें “बाद में देख लेने” जैसी चेतावनियाँ दी गईं। इतना ही नहीं, कुछ लोगों द्वारा उनसे 5 लाख रुपये की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। यदि ये आरोप सत्य हैं, तो यह मामला केवल सोशल मीडिया विवाद नहीं बल्कि एक युवा महिला उद्यमी पर दबाव बनाने और उसे झुकाने का प्रयास भी हो सकता है।
यह घटना केवल एक गैस एजेंसी की नहीं है, बल्कि उस मानसिकता का आईना है जहाँ नियमों पर चलने वाली महिला को “दबंग” और दबाव में झुकने से इनकार करने वाली बेटी को “अहंकारी” साबित करने का प्रयास किया जाता है। समाज को यह समझना होगा कि राष्ट्र निर्माण केवल भाषणों से नहीं होता, बल्कि उन बेटियों के सम्मान से होता है जो कठिन परिस्थितियों में अपने परिवार और समाज की जिम्मेदारियाँ उठाती हैं। एक पिता के निधन के बाद यदि उसकी पुत्री संघर्ष कर स्वयं व्यवसाय संभाल रही है, नियमों का पालन कर रही है और अवैध दबावों के सामने झुकने से इनकार कर रही है, तो उसे ट्रोल करने से पहले समाज को अपने भीतर भी झांकना चाहिए।
आज आवश्यकता इस बात की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। यदि कोई दोषी है तो कानून कार्रवाई करे, लेकिन सोशल मीडिया की भीड़ द्वारा एक युवा महिला और उसकी महिला कर्मचारियों को अपराधी घोषित कर देना किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं कहा जा सकता। क्योंकि राष्ट्र केवल सड़कों और इमारतों से नहीं बनता, बल्कि न्याय, संवेदनशीलता और अपनी बेटियों के सम्मान से बनता है।
Tags :
दिवाकर की दुनाली से

मां वैष्णव इंडेन गैस एजेंसी हमारे क्षेत्र की एक सफल पहचान है l जब पूरा विश्व बैसविक ईंधन समस्या से जूझ रहा, तब हमारे क्षेत्र के लोगों को छोटी - मोटी समस्या के साथ सिलेंडर उपलब्ध कराना बहुत बड़ी बात है वह ही एक बालिका संचालक होने के साथ l किसी चीज की अहमियत तब पता चलती है जब वह हमारे पास नहीं होती l साथियों समय सबको मौका देता है l
जवाब देंहटाएंAgency sanchalika vijay vaishnavi bhardwaj ko nyay dilaya jana chahiye
जवाब देंहटाएंमां वैष्णो इंडियन से में 10 साल से गैस ले रहा हूं किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आई लोगों का तो स्वभाव होता है बात का बतंगड़ बनाना गैस आपूर्ति के कारण अगर गैस नहीं मिल पा रही है तो लोगों को इस प्रकार का ड्रामा नहीं करना चाहिए
जवाब देंहटाएंJab log narishakti se jeet nhi pate hai to bah mahilaon ke charitr par ungli uthane lgte hai
जवाब देंहटाएं