दुर्ग जिले में 10 थाना व चौकी प्रभारियों के तबादले, एसपी ने जारी किया आदेश
मनीष त्रिपाठी - ब्यूरो चीफ
भिलाई। दुर्ग जिले में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को 10 थाना एवं चौकी प्रभारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार वैशाली नगर, पद्मनाभपुर, धमधा, नंदनी, उतई, सुपेला, पुरानी भिलाई, छावनी थाना तथा स्मृति नगर चौकी में नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
आदेश के अनुसार वैशाली नगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत मिश्रा को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) दुर्ग का प्रभारी बनाया गया है। वहीं एसीसीयू में पदस्थ निरीक्षक प्रमोद श्रीरिया को पद्मनाभपुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियंत्रण कक्ष भिलाई में पदस्थ निरीक्षक महेश ध्रुव को धमधा थाना प्रभारी बनाया गया है। उतई थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल का तबादला नंदनी थाना कर दिया गया है। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी रहे निरीक्षक राजकुमार लहरे को वैशाली नगर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी प्रकार, सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव को पुरानी भिलाई थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि पुरानी भिलाई थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज को सुपेला थाना की कमान सौंपी गई है।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी निरीक्षक राजेश साहू को उतई थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उप निरीक्षक रामनारायण ध्रुव को धमधा थाना से स्थानांतरित कर छावनी थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं छावनी थाना प्रभारी उप निरीक्षक अमित अदानी को स्मृति नगर चौकी प्रभारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए थाना प्रभारियों के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की अपेक्षा की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें