भैया होटल पर बुलडोजर! शराब, जेसीबी जब्त... होटल सील!
0
टिप्पणियाँ
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए ग्राम ककरवाया स्थित चर्चित 'भैया होटल (भैयालाल एंड रेस्टोरेंट)' पर बुलडोजर चला दिया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में शासकीय भूमि पर बना अतिक्रमण जमींदोज कर दिया गया, होटल को सील कर दिया गया और संचालक पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
एसडीएम आनंद सिंह राजावत के नेतृत्व में राजस्व, आबकारी, खनिज, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जब होटल पर छापा मारा तो एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। जांच के दौरान होटल परिसर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई, जिसे आबकारी विभाग ने जब्त कर लिया।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। मौके पर अवैध उत्खनन में उपयोग की जा रही एक जेसीबी, डंपर और ट्रॉली भी जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में भेज दी गई। इससे अवैध कारोबार के कई पहलुओं की जांच तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
खाद्य विभाग की जांच में होटल के किचन में 06 घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। साथ ही 02 व्यावसायिक भट्टियां और एक 5 किलो का गैस सिलेंडर भी जब्त किया गया। गैस उपयोग से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं एलपीजी विनियमन आदेश के तहत प्रकरण दर्ज कर किचन और डाइनिंग हॉल को सील कर दिया गया।
राजस्व विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि होटल शासकीय भूमि के सर्वे क्रमांक 872/1 पर अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। प्रशासन ने तत्काल बुलडोजर चलाकर पूरा अतिक्रमण हटा दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर कब्जा, अवैध शराब का कारोबार, घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags :
शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें