दुर्ग - बिना सूचना बार-बार बिजली कटौती से सुपेला के उपभोक्ता परेशान, विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
0
टिप्पणियाँ
भिलाई (दुर्ग)। भिलाई के सुपेला क्षेत्र में इन दिनों बिना पूर्व सूचना के बार-बार हो रही बिजली कटौती से स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा दिन और रात दोनों समय कई-कई घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी जाती है, जबकि मौसम सामान्य रहता है और कोई विशेष तकनीकी या प्राकृतिक कारण भी दिखाई नहीं देता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। बरसात के मौसम में अंधेरा होने से सांप-बिच्छू सहित अन्य जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ जाता है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया फोन नंबर अधिकांश समय व्यस्त रहता है। वहीं, शिकायत दर्ज होने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने विद्युत वितरण कंपनी से मांग की है कि आवश्यक रखरखाव या अन्य कारणों से यदि बिजली आपूर्ति बाधित करनी हो तो इसकी पूर्व सूचना दी जाए तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार की अघोषित बिजली कटौती और शिकायतों के समाधान में देरी से आमजन में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।
मनीष त्रिपाठी, ब्यूरो चीफ
Tags :
छत्तीसगढ़
एक टिप्पणी भेजें