लेबल

दुर्ग पुलिस हुई और हाईटेक, विवेचकों को मिले मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT)



दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले के विभिन्न थाना एवं पुलिस चौकियों में पदस्थ विवेचकों को अब मोबाइल डेटा टर्मिनल (Mobile Data Terminal-MDT) उपलब्ध कराए गए हैं। इन आधुनिक उपकरणों की सहायता से पुलिस अधिकारी घटनास्थल से ही अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त मोबाइल डेटा टर्मिनल का वितरण 7 जुलाई को पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में कार्यरत विवेचकों को ये आधुनिक उपकरण सौंपे गए।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, MDT के उपयोग से विवेचना प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी होगी। अब विवेचक घटनास्थल पर ही एफआईआर से संबंधित जानकारी, गवाहों के बयान, जांच की प्रगति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज सीधे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे जांच कार्य में तेजी आएगी और मामलों की निगरानी भी अधिक व्यवस्थित ढंग से की जा सकेगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन उपकरणों के माध्यम से डिजिटल पुलिसिंग को और मजबूती मिलेगी। अब तक कई मामलों में दस्तावेज तैयार करने तथा रिकॉर्ड अपडेट करने में समय लगता था, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने से कागजी प्रक्रिया में कमी आएगी और जांच से जुड़ी जानकारियां तत्काल डिजिटल रिकॉर्ड में उपलब्ध हो सकेंगी।

दुर्ग पुलिस की इस पहल को तकनीक आधारित, पारदर्शी और त्वरित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मनीष त्रिपाठी, ब्यूरो चीफ

एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें