कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल, ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता रजत पदक
0
टिप्पणियाँ
मनीष त्रिपाठी, ब्यूरो चीफ
रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। राजनांदगांव की इस होनहार खिलाड़ी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर ज्ञानेश्वरी ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण और निरंतर प्रयास के बल पर वैश्विक मंच पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव की बेटी की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का नया उत्साह प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, विश्वस्तरीय सुविधाएँ और हर संभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ के युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकें।
ज्ञानेश्वरी यादव की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उनकी सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण भी है।
Tags :
छत्तीसगढ़

एक टिप्पणी भेजें