लेबल

छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’ 15 अगस्त से, 2 अक्टूबर तक चलेगा

 



दुर्ग, 14 अगस्त। साइबर अपराध के प्रति आम नागरिकों को जागरूक और सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करना है।


अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। इसके तहत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस अथवा संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर उपलब्ध लिंक को क्लिक कर या क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। इसके माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स और अन्य लोगों तक पहुंचेगा।


15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह के दौरान स्कूल-कॉलेज, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों, वरिष्ठ नागरिकों, महिला कॉलेजों, सामुदायिक समूहों, युवाओं, रोजगार कार्यालयों, आईटीआई, कौशल विकास केंद्रों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले सप्ताह में स्कूल एवं कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। दूसरे सप्ताह में वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा, तीसरे सप्ताह में डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल, चौथे सप्ताह में स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउज़िंग, पांचवें सप्ताह में जॉब फ्रॉड एवं फिशिंग तथा छठे सप्ताह में डेटा प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर अभियान चलाया जाएगा। सातवें सप्ताह में गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।


अभियान के दौरान सोशल मीडिया, क्यूआर कोड, सेल्फी फ्रेम, पोस्टर-बैनर, व्हाट्सऐप ग्रुप्स तथा विभिन्न संस्थानों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से साइबर अपराध के तौर-तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। जिला पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में भी क्यूआर कोड एवं जागरूकता संदेशों का प्रचार किया जाएगा।


‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री द्वारा किया गया। जिलों में प्रेसवार्ता के माध्यम से अभियान की लिंक एवं क्यूआर कोड जारी कर नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स और कलाकारों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।


दुर्ग पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस द्वारा जारी लिंक को क्लिक अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी लें और उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर साझा करें। पुलिस ने कहा कि जिस प्रकार देश की स्वतंत्रता के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी प्रकार साइबर अपराध के विरुद्ध भी सामूहिक जागरूकता और सहभागिता आवश्यक है।


अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ लेकर सोशल मीडिया पर साझा करें और साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

मनीष त्रिपाठी-ब्यूरो चीफ


एक टिप्पणी भेजें

एक टिप्पणी भेजें